नशे का विरोध करें और नशे के जाल को काटें: अरुण
ब्याना के राजकीय स्कूल में सतीश राणा की अगुवाई में प्रहरी क्लब का गठन
नशे के खिलाफ मुहिम चलाएगा प्रहारी क्लब
इन्द्री, 20 दिसम्बर
गांव ब्याना स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नशा मुक्ति अभियान के तहत गणित प्राध्यापक व नशा जागरूकता प्रभारी सतीश राणा के नेतृत्व में प्रहरी क्लब का गठन किया गया। क्लब में सभी कक्षाओं के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया। क्लब की बैठक को प्रभारी सतीश राणा, प्राध्यापक अरुण कुमार कैहरबा, बलविन्द्र सिंह, बलराज कांबोज, सलिन्द्र मंढ़ाण, राजेश कुमार, नरेश मीत, निशा कांबोज, संगीता शर्मा, मीना ने संबोधित किया और विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और नशे की बुराई को समाज से समाप्त करने का आह्वान किया।
हिन्दी प्राध्यापक अरुण कुमार कैहरबा ने कहा कि क्लब के सभी सदस्यों को नशे का विरोध करना है। लेकिन नशे के जाल में फंस चुके साथियों को दुश्मन नहीं मानना है। कोई भी विद्यार्थी यदि जाने-अनजाने नशे का सेवन करने लगा है तो उसे नशे के जाल से निकलने के लिए हम सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि हमारा वातावरण नशे के फैलने का कारण है। कोई भी व्यक्ति दूसरों की देखादेखी, प्रलोभन या उकसावे में इसके प्रयोग के प्रति आकर्षित हो सकता है। कुसंगति भी इसका कारण है कि अपने आपको हमारा दोस्त बताने वाले हमें नशे का एक बार इस्तेमाल करने का प्रस्ताव देते हैं और वे दोस्ती की बजाय दुश्मनी का कार्य करते हैं। एक बार इसके जाल में फंसने के बाद इसमें से निकलने का कोई रास्ता नहीं मिलता है। यदि सहानुभूति की बजाय कड़ाई से कोई नशा छुड़वाने का प्रयास करता है तो यह काम और अधिक मुश्किल हो जाता है। गणित प्राध्यापक सतीश राणा ने प्रहरी क्लब के सदस्यों को जिम्मेदारी का अहसास करवाते हुए कहा कि वे स्कूल ही नहीं अपने आस-पास के वातावरण और गांव को भी नशा मुक्त बनाने के लिए मिलजुल कर कार्य करें। अपने कक्षा-कक्ष, स्कूल परिसर और गांव को नशे के चंगुल से बचाना है। बलराज कांबोज ने कहा कि नशा मुक्ति एक सामाजिक जिम्मेदारी और समाज सेवा का कार्य है। नशा समाज को खोखला बना रहा है। नशे को भगा कर हमें समाज को गर्त में जाने से बचाना है। बलविन्द्र सिंह ने कहा कि नशा वन वे रास्ता है। इसमें जाने का रास्ता तो है, इससे वापिस आने का रास्ता नहीं मिलता। हमें नशे से लौटने का रास्ता भी बनाना है।
No comments:
Post a Comment