Saturday, December 17, 2022

DISTRICT LEVEL YOUTH PARLIAMENT IN GMSSSS BIANA

 पक्ष-विपक्ष में हुई तीखी नोंक-झोंक

विपक्ष ने सवाल पूछकर छुड़ाए सत्ता पक्ष के पसीने

मंत्रियों ने जवाब में विकास कार्यों का लेखा-जोखा दिया 

युवा संसद ने पेश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया की झांकी

इन्द्री, 17 दिसंबर

करनाल जिला के गांव ब्याना स्थित राजकीय माॅडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय युवा संसद का आयोजन किया गया। संसद में पक्ष-विपक्ष में तीखी नोंकझोंक हुई। विपक्ष के सवालों ने सत्ता पक्ष के पसीने छुड़ाए। वहीं सत्ता पक्ष ने विकास कार्यों के जरिए विपक्ष को संतुष्ट करने की कोशिश की। युवा संसद का निरीक्षण जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान से आए राजनीति विज्ञान के प्राध्यापक डाॅ. मनोज रिंडल और डाॅ. ईश्वर सिंह ने किया। समारोह की अध्यक्षता प्रधानाचार्य अरुण कुमार कैहरबा ने की। कार्यक्रम का संयोजन राजनीति विज्ञान प्राध्यापक बलविन्द्र सिंह और संचालन हिन्दी प्राध्यापक डाॅ. सुभाष चन्द ने किया। वरिष्ठ प्राध्यापक सतीश कांबोज, सतीश राणा, संजीव कुमार, मुकेश कुमार, हिन्दी अध्यापक नरेश मीत सहित सभी स्टाफ सदस्यों ने सहयोग किया।

स्कूल में आयोजित युवा संसद संसद के निचले सदन और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की झांकी पेश कर रही थी। जिसका आगाज संसदीय परंपराओं की रीति-नीति से किया गया। युवा संसद की कार्रवाई के प्रवेश करते हुए सत्ता पक्ष के नेता और प्रधानमंत्री की भूमिका निभा रहे गुरप्रीत सिंह और विपक्ष की नेता दीक्षा से पत्रकारों ने सवाल किए। मार्शल बने अर्पित और लक्ष्य ने सभी सदस्यों के प्रवेश के समय जांच की। सभी सदस्यों के बैठने के बाद कोरम चैक किया। फिर अध्यक्ष इशिका कांबोज का आगमन हुआ। राष्ट्रगीत से सदन की शुरूआत हुई। नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलवाई गई। उसके बाद दुर्घटना में मारे गए नौसैनिकों की आत्मा की शांति की कामना की गई।

प्रश्नकाल व शून्य काल में विपक्षी सदस्यों ने विभिन्न मुद्दों पर गर्मागर्म सवाल किए। महिला आरक्षण विधेयक को लेकर पक्ष व विपक्ष के सदस्यों में तीखी नोंक-झोंक हुई। संसद की कार्रवाई की ही भांति युवा संसद की कार्रवाई में विद्यार्थियों का जोश देखने वाला था। दर्शक दीर्घा में बैठे सभी सदस्यों ने सदन की कार्रवाई का आनंद उठाया और विद्यार्थियों के आत्मविश्वास की तारीफ की।  
गगनदीप, प्रिंस, कृश सैनी सहित संसद सदस्य बने अनेक विद्यार्थियों के सवालों का जवाब प्रधानमंत्री गुरप्रीत, गृह मंत्री सुभाना, पैटोलियम मंत्री रिया, पृथ्वी एवं विज्ञान मंत्री हिमांशी, मानव संसाधन, महिला एवं सशक्तिकरण मंत्री महक तिवारी, गृह राज्य मंत्री आस्था सहित मंत्रियों ने दिया। महासचिव की भूमिका अरमान व सचिव की भूमिका अक्षित ने निभाई। राष्ट्र गान के साथ कार्रवाई का समापन हुआ।

निरीक्षक की भूमिका में आए प्रभारी डाॅ. मनोज रिंडल ने कहा कि युवा संसद में विद्यार्थियों को जो सीखने का मौका मिला है, वह ही एक सजग नागरिक व नेता बनाता है। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय युवा संसद में प्रथम स्थान पाने वाली टीम मंडल स्तर पर हिस्सा लेगी और मंडल स्तर पर प्रथम आई टीम राज्य स्तर के लिए जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा निभाई गई भूमिकाओं की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डाॅ. ईश्वर सिंह ने विद्यार्थियों के साथ सदन की कार्रवाई में इस्तेमाल किए गए विभिन्न तकनीकी शब्दों की चर्चा की।

प्रधानाचार्य अरुण कुमार कैहरबा ने कहा कि युवा संसद लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जानकारी ही नहीं देती उसका अभ्यास भी कराती है। उन्होंने आने वाले समय में युवा संसद में प्रतिभागिता के अनुभव उन्हें जागरूक, सक्रिय नागरिक बनाएंगे। उन्होंने संसद की कार्रवाई का निरीक्षण करने के लिए आए मेहमानों का आभार व्यक्त किया। 









































No comments:

Post a Comment