Sunday, May 24, 2026

MERITORIOUS STUDENTS HONORED

 कला संकाय में दिशा, परी व ज्योति ने पाया पहला, दूसरा व तीसरा स्थान

प्राध्यापकों ने स्कूल व घरों में विद्यार्थियों की उपलब्धि को दर्शाते हुए लगाए पोस्टर

इन्द्री, 24 मई 

गांव ब्याना स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों के सीबीएसई बोर्ड के शानदार परिणाम को लेकर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में खुशी का माहौल है। स्कूल के हिन्दी प्राध्यापक अरुण कुमार कैहरबा, इतिहास प्राध्यापक मुकेश खंडवाल व राजनीति विज्ञान प्राध्यापक महेश कल्याणी की अगुवाई में कुल 80 प्रतिशत से अधिक और इतिहास, हिन्दी व राजनीति विज्ञान विषय में 90 प्रतिशत से अधिक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के पोस्टर बनवाए गए। इन पोस्टरों का अनावरण स्कूल में प्रधानाचार्य राम कुमार सैनी ने किया।


स्कूल के कला संकाय में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धि को दर्शाने वाला पोस्टर स्कूल में लगाया गया। वहीं अलग-अलग विद्यार्थियों की उपलब्धि वाले पोस्टर प्राध्यापकों द्वारा विद्यार्थियों के गांवों व गलियों में लगाए गए। स्कूल में कला संकाय की छात्रा दिशा पुत्री संजय कुमार ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त करके पहला, परी पुत्री राजेश व संतोष ने 89 प्रतिशत अंक लेकर दूसरा तथा ज्योति पुत्री नफे सिंह ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त करके तीसरा स्थान प्राप्त किया। इन तीनों की उपलब्धि का एक पोस्टर स्कूल में लगाया गया।

गांव ब्याना निवासी परी का पोस्टर उनके घर के बाहर दीवार पर लगाया। प्राध्यापक अरुण कैहरबा, मुकेश खंडवाल व महेश कल्याणी का दल यमुना के साथ लगते गांव कमालपुर गडरियान में पहुंचा जहां पर स्कूल की मेधावी छात्रा महक को सम्मानित किया और पोस्टर लगाया गया।

गांव के सरपंच नरेश कुमार ने नकद पुरस्कार देकर छात्रा को सम्मानित करते हुए कहा कि महक की उपलब्धि से उनका पूरा गांव गौरवान्वित है। उन्होंने घोषणा की परीक्षाओं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पंचायत द्वारा सम्मानित किया जाएगा। महक के पिता वीरभान, माता ललिता व दादी फूलो रानी ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर नाज है, जिसने हिन्दी, इतिहास व राजनीति विज्ञान विषय में 90 से अधिक अंक पाकर मेरिट में स्थान बनाया है। इसी तरह से छात्र अंकुश पुत्र बिट्टू व पूजा का पोस्टर लगाकर सम्मानित किया गया।














Tuesday, May 12, 2026

GARVIT LATHWAL SELECTED IN SUPER-100 / GMSSSS BIANA

तीन चरण की परीक्षा पास कर गर्वित लठवाल सूपर-100 में चयनित

प्रधानाचार्य राम कुमार सैनी व अध्यापकों ने किया सम्मानित

इन्द्री, 11 मई
गांव ब्याना स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थी गर्वित लठवाल पुत्र सलिन्द्रो देवी व धर्मवीर लठवाल ने सूपर-100 में चयनित होकर स्कूल व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। स्कूल में प्रधानाचार्य राम कुमार सैनी व अध्यापकों ने गर्वित को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर गर्वित के पिता धर्मवीर लठवाल, प्राध्यापक डॉ. सुभाष भारती, अरुण कुमार कैहरबा, सलिन्द्र मंढ़ाण, गोपाल दास, नरेन्द्र कुमार, नरेश मीत व एबीआरसी सुखविन्द्र सिंह सहित स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गर्वित इन्द्री खंड में एकमात्र विद्यार्थी है, जिसने सूपर-100 के लिए आयोजित तीन चरणों की परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। उन्होंने बताया कि सूपर 100 में चयनित होने के बाद अब गर्वित विज्ञान संकाय में 11वीं और 12वीं की पढ़ाई सरकार द्वारा कुरुक्षेत्र जिला में बनाए गए विशेष राज्य स्तरीय स्कूल में करेगा। पढ़ाई के साथ-साथ उसकी रुचि के अनुसार देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में दाखिले के लिए उसकी तैयारी करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी स्कूल के विद्यार्थी सूपर-100 में चयनित होने के बाद आईआईटी खडग़पुर, आईआईटी हैदराबाद सहित विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में पढ़ाई कर रहे हैं।

दहेज समाप्त करके ही बनेगा बेहतर समाज: अरुण कैहरबा

स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में हिन्दी प्राध्यापक अरुण कुमार कैहरबा ने विद्यार्थियों को दहेज मुक्त भारत निर्माण के लिए विद्यार्थियों को शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सामाजिक बुराईयां किसी भी देश व समाज के माथे पर कलंक के समान हैं। उन्होंने कहा कि दहेज प्रथा लड़कियों की असमानता और भेदभाव को बढ़ावा देती है। दहेज कन्या भ्रूण हत्याओं का भी कारण हैं। दहेज के कारण ही परिवार को लड़कियां बोझ दिखाई देती हैं। उन्होंने कहा कि दहेज तथा अधिकाधिक खर्चीली शादियों को लेकर समाज में प्रतिस्पर्धा का माहौल दिखाई दे रहा है। इससे कमजोर आर्थिक स्थिति वाले परिवारों पर भी दबाव बन रहा है। एक बेहतर समाज का निर्माण करने के लिए दहेज को समाप्त करने के लिए सभी को आगे आना चाहिए। सभी विद्यार्थियों ने उनके साथ नारा लगाया- दहेज नहीं बेटी को प्यार दो, शिक्षा व सम्पत्ति का अधिकार दो।