Thursday, October 15, 2026

BIRTHDAY OF DR. APJ ABDUL KALAM CELEBRATED

 डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जन्मदिन मनाया

मिसाइल मैन की आत्मकथा और एनसीईआरटी की वीडियो-कलाम की परवाज़ दिखाई

सोनाक्षी, ईशा, वेदिका, स्वाति व सुखमन को किया सम्मानित

इन्द्री, 15 अक्तूबर

गांव ब्याना स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में भारत के मिसाइल मैन के नाम से प्रसिद्ध पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती मनाई गई। विद्यार्थियों को डिजीटल बोर्ड के माध्यम से गुलज़ार द्वारा सुनाई गई मिसाइल मैन की आत्मकथा सुनाई सुनाई गई। इसके अलावा एनसीईआरटी की वीडियो-कलाम की परवाज़ दिखाई गई। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन हिन्दी प्राध्यापक अरुण कुमार कैहरबा ने किया। कार्यक्रम के दौरान सोनाक्षी, ईशा, वेदिका, स्वाति व सुखमन ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य राम कुमार सैनी ने विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। 

कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए हिन्दी प्राध्यापक अरुण कुमार कैहरबा ने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम हमारे देश ही नहीं दुनिया के महान वैज्ञानिक हैं। उनकी मेहनत, लगन और फर्श से अर्श तक पहुंचने की संघर्ष गाथा सबके लिए प्रेरक है। उन्होंने वर्षों तक इसरो और डीआरडीओ में नेतृत्वकारी भूमिका निभाई। भारत में प्रक्षेपण यान प्रौद्योगिकी व मिसाइलों के विकास, परमाणु शक्ति संपन्न बनाने के लिए अथक मेहनत की। बचपन में ही उन्होंने आसमान में उड़ते हुए परिंदों को देखकर उड़ान भरने का सपना देखा था। उनका जीवन उस सपने को साकार करने की कहानी है। 

समापन समारोह में प्रधानाचार्य राम कुमार सैनी ने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम रात के स्थान पर दिन में ऐसे सपने देखने पर जोर देते हैं, जो हमें पूरे होने तक सोने नहीं देते। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढऩा चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और एपीजे अब्दुल कलाम भारत के ऐसे नेता हैं, जो बच्चों से बहुत स्नेह करते थे। कलाम ने विभिन्न संस्थानों में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जो बातें कहीं हैं, वे जरूर सुननी व पढऩी चाहिएं। इस मौके पर प्राध्यापक सतीश राणा, दिनेश कुमार, राजेश कुमार, गोपाल दास, मुकेश कुमार, नरेश मीत व अश्वनी कांबोज उपस्थित रहे। 


 


Monday, October 12, 2026

Manpreet secured second place in the district-level painting competition

मनप्रीत ने जिला स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता में पाया दूसरा स्थान

प्रधानाचार्य राम कुमार सैनी ने विद्यार्थी को नकद व अन्य पुरस्कार देकर किया सम्मानित
गांव ब्याना स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी मनप्रीत को सम्मानित करते प्रधानाचार्य व अध्यापक।

इन्द्री, 12 अक्तूबर 

गांव ब्याना स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नौवीं कक्षा के विद्यार्थी मनप्रीत ने कृषि विभाग द्वारा फसल अवशेष प्रबंधन पर करनाल में आयोजित जिला स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया। स्कूल में पहुंचने पर प्रधानाचार्य राम कुमार सैनी की अगुवाई में मनप्रीत का जोरदार स्वागत किया गया और प्रधानाचार्य ने विद्यार्थी को पांच सौ रूपये का नकद पुरस्कार और अन्य पुरस्कार देकर सम्मानित किया। हिन्दी प्राध्यापक अरुण कुमार कैहरबा ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा करनाल में फसल अवशेष प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थी। इन प्रतियोगिताओं में स्कूल के कृषि अनुदेशक निर्मल सिंह, कम्प्यूटर शिक्षक विनीत सैनी और अंग्रेजी प्राध्यापक राजेश सैनी के नेतृत्व में नौवीं कक्षा के कौशल ने भाषण, सातवीं कक्षा की छात्रा प्रतिभा ने निबंध प्रतियोगिता और मनप्रीत ने पेंटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में मनप्रीत ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य राम कुमार सैनी ने कहा कि विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर भले ही विद्यार्थी जीत ना पाएं, लेकिन सीखते जरूर हैं। इससे प्रतिभा में निखार भी आता है। उन्होंने मनप्रीत को जीत के लिए बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थी बढ़-चढ़ कर ऐसे कार्यक्रमों में हिस्सा लें। इस मौके पर प्राध्यापक सुभाष भारती, विनोद भारतीय, सतीश राणा, सलिन्द्र मंढ़ाण, महेश कल्याणी, संजीव कुमार, मोनिका गुप्ता, मुकेश खंडवाल, स्वर्णजीत, नरेश मीत, संगीता, मीना सहित सभी शिक्षक मौजूद रहे।