कलाओं को मंच देने और प्रतिभाओं को निखारने का मंच है सांस्कृतिक महोत्सव: डॉ. गुरनाम मंढ़ाण
खंड स्तरीय सांस्कृति महोत्सव में स्कूलों की टीमों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दी
मुख्य अतिथि के रूप में बीईओ ने किया शुभारंभ
इन्द्री, 22 जुलाई
गांव भादसों स्थित सीएमईईई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग द्वारा खंड स्तरीय सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में खंड की विभिन्न स्कूलों की टीमों ने कक्षा पांच से आठ और कक्षा नौ से बारह वर्ग में समूह लोक नृत्य, एकल लोक नृत्य, रागनी गायन एवं स्किट में उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. गुरनाम सिंह मंढ़ाण ने दीप प्रज्वलन करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संयोजन नोडल अधिकारी एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुरादगढ़ की प्रधानाचार्या वीना गुप्ता ने किया। स्कूल प्रधानाचार्या वंदना ने आए अतिथियों पुष्प गुच्छ के साथ स्वागत किया। मंच संचालन हिन्दी प्राध्यापक अरुण कुमार कैहरबा व नरेश मीत ने किया। सांस्कृतिक महोत्सव में निर्णायक मंडल की भूमिका बीआरपी डॉ. रविन्द्र शिल्पी, नीलोखेड़ी राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल के रंगमंच शिक्षक कुशल पांचाल, संगीत शिक्षक दिनेश कुमार, तरावड़ी स्कूल के वोकल इंस्ट्रक्टर अजय चौहान ने निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ करने के बाद विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बीईओ डॉ. गुरनाम सिंह मंढ़ाण ने कहा कि हरियाणा की संस्कृति बहुत समृद्ध एवं महान है। यहां पर स्थापत्य कला, सांग, रागनी, नृत्य, सांझी, लोक साहित्य ने समाज को बहुत बड़ी देन दी है। इन कलाओं को मंच देने और प्रतिभाओं को निखारने के लिए शिक्षा विभाग कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ इस तरह के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। नोडल अधिकारी वीना गुप्ता ने स्वागत भाषण में बोलते हुए कहा कि हमारी संस्कृति हमें सादगी, ईमानदारी, बुजुर्गां व महिलाओं का सम्मान और प्रकृति संरक्षण की भावना जगाती है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभाओं व सृजन का संगम है। प्रधानाचार्या वंदना ने कहा कि सामूहिकता की भावना जगाने में सांस्कृतिक महोत्सव एक बेहतरीन मंच है। आमंत्रित कलाकार के रूप में यश्वनी की प्रस्तुति ने रंग जमा दिया और बीईओ डॉ. गुरनाम मंढ़ाण ने उन्हें विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बीआरपी धर्मेन्द्र सिंह, प्राध्यापक डॉ. सुरेन्द्र रंगा, पंकज भारद्वाज, संजीव कुमार, धर्मवीर लठवाल, देवेन्द्र देवा, जगदीश कुमार, एलए राजेश कुमार, प्रवीन कुमार, मान सिंह, अमित कुमार, विनय अत्री, सुशील कुमार, रूपिन्द्र कौर, यश्वनी, अनीता, मनिन्द्र सिंह, एबीआरसी ललतेश, अनुपमा, निशा व नीतू सहित अनेक अध्यापकों ने योगदान किया।
यह रहे परिणाम-
कक्षा 9वीं से 12वीं वर्ग
समूह नृत्य में राजकीय स्कूल खेड़ा की टीम ने पहला, मुरादगढ़ स्कूल ने दूसरा, कन्या स्कूल इन्द्री की टीम ने तीसरा और भादसों स्कूल की टीम ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। स्किट में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भादसों की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। रागनी में पीएम श्री स्कूल इन्द्री के अमनदीप ने पहला स्थान प्राप्त किया। एकल नृत्य में कलसौरा की टीम ने पहला, बीबीपुर जाटान ने दूसरा, राजकीय स्कूल मुरादगढ़ की टीम ने तीसरा और कन्या स्कूल इन्द्री की टीम ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया।
कक्षा 5वीं से 8वीं वर्ग के परिणाम-
लघु नाटिका में पीएम श्री स्कूल इन्द्री की टीम ने पहला, भादसों स्कूल ने दूसरा, खानपुर स्कूल ने तीसरा, डबकौली कलां की टीम ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। रागनी में पीएम श्री स्कूल इन्द्री ने पहला, कन्या स्कूल इन्द्री ने दूसरा और प्राथमिक स्कूल टपरियों ने तीसरा स्थान पाया। समूह नृत्य में खानपुर स्कूल ने पहला, मुरादगढ़ स्कूल ने दूसरा और भादसों स्कूल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। एकल नृत्य में राजकीय स्कूल खानपुर ने प्रथम, गढ़ी गुजरान स्कूल ने दूसरा, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इन्द्री ने तीसरा और भादसों स्कूल ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया।
































