पैंते का त्योहार कृषि आधारित अर्थव्यवस्था और समृद्ध संस्कृति का प्रतीक। पैंते के रूप में भूमि-परीक्षण करते हैं किसान। बहनें भाईयों के कानों पर जौं का पौधा रखकर आज देंगी रबी की अच्छी फसल की शुभकामनाएं।
अरुण कुमार कैहरबा
किसान पैंते के रूप में भूमि-परीक्षण करने के लिए एक बार फिर से तैयार हैं। दशहरे के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी किसान परिवारों में परंपरागत ढंग व उल्लास के साथ पैंते का आयोजन किया जाएगा। पैंता क्षेत्र की कृषि आधारित अर्थ-व्यवस्था और संस्कृति का प्रतीक बन गया है। इस मौके पर बहनों द्वारा अपने किसान भाईयों के कानों पर जौं का पौधा (पैंता) रखकर रबी की अच्छी फसल की शुभकामनाएं दी जाती हैं।
हमारे समाज में त्योहार विभिन्न रीतियों से मनाए जाते हैं। इन त्योहारों का जहां पौराणिक कथाओं से रिश्ता होता है, वहीं देश की संस्कृति और खेती से भी उसका जुड़ाव है। दशहरा भी उन्हीं में से एक है। दशहरा मर्यादापुरूषोत्तम राम द्वारा पाप व घमंड के प्रतीक रावण के वध के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। पूरे देश में ही रावण के पुतले का उत्सवों के साथ दहन किया जाता है और इसे असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक माना जाता है। इस पौराणिक कथा के साथ ही हरियाणा के कृषक समुदायों में नवरात्रे और दशहरा गांवों की जीवन रेखा मानी जाने वाली खेती से भी जुड़ा हुआ है।
खेती बाड़ी से जुड़े समुदायों में दशहरे से जुड़ी पौराणिक कथा की बजाय वैज्ञानिक खेती से जुड़ी परंपरा को ज्यादा तरजीह दी जाती है। इस दिन किसान व खेतीहर मजदूरी से जुड़े समुदायों में पैंते का उत्सव मनाया जाता है। पैंता दरअसल जौं के पौधे को कहते हैं। आज कृषि वैज्ञानिकों द्वारा खेती से पूर्व भूमि-परीक्षण की सलाह दी जाती है लेकिन पैंते का त्यौहार भूमि-परीक्षण को परंपरागत रूप से महत्व प्रदान करता है। पैंते की कहानी-परम्परागत तौर पर नवरात्रों से पहले खरीफ की मुख्य फसल धान की कटाई व उठाई सम्पन्न हो जाती है। नवरात्रे के पहले दिन पूजा अर्चना के साथ किसान नई रबी की फसल उगाने की तैयारी करता है। तैयारी के तौर पर इस दिन खेत के सभी कोनों से मिट्टी घर में लाई जाती है। इस मिट्टी में पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ जौं के बीज डाले जाते हैं जिसे गांवों में पैंता उगाना कहा जाता है। पैंता उगाने के बाद किसान हर रोज पैंते की कोंपलें फूटती देखना चाहता है। इसके लिए किसान परिवारों में नवरात्रे के व्रत रखे जाते हैं और पूजा अर्चना की जाती है।
खेती करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता कंवर लाल फौजी, गीता देवी, महिन्द्र कुमार ने बताया कि मिट्टी की उर्वरता की जांच की यह बहुत ही पुरानी विधि है। यदि नवरात्रे संपन्न होते-होते पैंते के हरे-भरे पत्ते निकल जाते हैं तो मिट्टी परीक्षण को सफल माना जाता है। दशहरे वाले दिन इस घर में उगाए गए इस पैंते को विधि-विधान के साथ उखाड़ा जाता है। बहनें इसे किसान भाईयों के कानों पर रखती हैं और रबी की खेती में जुट जाने के लिए तिलक करती हैं। बहनों से आशीर्वाद लेने तथा उसे शगुन के तौर पर दान देने के बाद वह रबी की मुख्य फसल गेहूं व जौं उगाने में जुट जाता
घाटे का सौदा होने के कारण लोगों के द्वारा खेती-बाड़ी से किनारा किया जा रहा है लेकिन पैंता लोगों को उन्हें उनकी जड़ों की ओर लेकर जाता है और हमें हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की याद दिलाता है।
No comments:
Post a Comment