गैस एजेंसी की कालाबाजारी और पेड़ कटाई पर जताया रोष। भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चा की बैठक में आंदोलन की चेतावनी। आज एसडीएम से मुलाकात का निर्णय। कन्या भ्रूण हत्या व दहेज के विरोध में मोर्चा चलाएगा अभियान।
इन्द्री, 9 अक्तूबर (अरुण कुमार कैहरबा)
स्थानीय देवी मंदिर में आयोजित भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चा की बैठक में गैस एजेंसी की कथित रूप से कालाबाजारी और पश्चिमी यमुना नहर की पटड़ी पर पेड़ कटाई के मामले पर गहरा रोष प्रकट किया गया। बैठक में इस मामले पर प्रशासन से तुरंत कार्रवाई करने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी गई। बैठक में 10 अक्तूबर को एसडीएम इन्द्री से मिलकर इन मामलों को उठाने का निर्णय लिया गया। मोर्चा कार्यकर्ताओं ने कन्या भ्रूण हत्या व दहेज के विरोध में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया। बैठक का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता नरेन्द्र धूमसी ने की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडी एसोसिएशन के प्रधान रामपाल चहल ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसी में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं को सिलेंडर नंबर मिलान करने के नाम पर बेवजह परेशान किया जाता है। उन्होंने कहा कि बुकिंग के बावजूद उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिलते हैं। गैस सिलेंडर की कालाबाजारी जोरों पर है।
ओम पाल मंढ़ाण व बलबीर पांचाल ने पश्चिमी यमुना नहर की पटड़ी पर पेड़ कटाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पौधारोपण अभियान चलाने वाला वन विभाग पटड़ी के किनारे पर उगाए गए संरक्षित व छोटे पेड़ों पर भी कुल्हाड़ा चलाने को उतारू है। इसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जा सकता। जिले सिंह पाल ने कहा कि संरक्षित व छोटे पौधों को काटने या नुकसान पहुंचाने का कोई मतलब नहीं बनता है।
महारानी लक्ष्मी बाई ब्रिगेड की प्रधान निर्मल राणा ने कहा कि कन्या भ्रण हत्या समाज के माथे पर कलंक है। इसे मिटाने के लिए दहेज प्रथा को समाप्त करना होगा और व्यापक जागरूकता अभियान चलाना होगा। बैठक में कन्या भ्रूण हत्या करने व करवाने वाले की जानकारी देने पर उचित पुरस्कार देने की घोषणा की गई। इस मौके पर कंवर लाल फौजी, माया राम सैनी, नरेन्द्र कलसौरा, राम प्रसाद ढ़ांडा, गुरदीप सिंह, मनोज कलसौरा, सतीश कुमार, धर्मपाल आर्य, संजीव शाहपुर, रणजीत छानों, गुरनाम कैहरबा, सोमपाल रोहिला, मायाराम सैनी, बलबीर पांचाल, रोहित शर्मा, रोशनी, विनोद चौगांवा, चरण सिंह, सुमेर चंद, करनैल सिंह, सतपाल, ममता रानी, जय नारायण आदि उपस्थित रहे।
चाय के खोखे में चोरों ने लगाई सेंध। गैस सिलेंडर समेत हजारों रूपये का सामान चोरी।
इन्द्री, 9 अक्तूबर
बीती रात अज्ञात चोरों ने स्थानीय बस अड्डे के नजदीक चाय के खोखे में सेंध लगाई। चारों ने खोखा तोडक़र गैस सिलेंडर समेत हजारों रूपये का सामान चोरी कर लिया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मौके का मुआयना किया और जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मियां सुलेमान खान बस अड्डे के पास चाय का खोखा लगाता है। रात को वह अपना खोखा अच्छी तरह से बंद करके गया था। बीती रात अज्ञात चोरों ने खोखे को तोड़ कर गैस सिलेंडर समेत हजारों रूपये के खाने-पीने के सामान पर हाथ साफ किए। रविवार अलसुबह जब सुलेमान अपने खोखे पर पहुंचा तो खोखा टूटा देखकर उसके होश फाख्ता हो गए। उसने बताया कि इसी खोखे से उसके परिवार का गुजर-बसर होता है। चोरी की इस वारदात से वह आर्थिक संकट में फंस गया है। उसने तुरंत इसकी पुलिस को सूचना दी।
ट्रक की टक्कर में बाईक सवार घायल।
इन्द्री, 9 अक्तूबर
इन्द्री-कुरूक्षेत्र मार्ग पर गांव कादराबाद के नजदीक ट्रक की टक्कर लगने से बाईक सवार व्यक्ति घायल हो गया। उसे स्थानीय सामुदायिक केंद्र में भर्ती कराया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे करनाल ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार पंजोखरा निवासी सुदेश उर्फ काला बाईक पर सवार होकर इन्द्री से अपने गांव की ओर जा रहा था। जैसे ही वह कादराबाद गांव के पास पहुंचा तो ट्रक व बाईक की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाईक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद ट्रक ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया।
थाना प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ पर्चा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही ट्रक चालक पकड़ लिया जाएगा।
No comments:
Post a Comment