निपुण हरियाणा पर आधारित होगी शिक्षा विभाग की झांकी
25 किलो फूलों और झालरों से सजी झांकी होगी आकर्षण का केन्द्र
पंचकोश के कटआउट से दिखाया जाएगा बच्चों का सर्वांगीण विकास
इन्द्री में गणतंत्र दिवस समारोह के लिए तैयार की जा रही शिक्षा विभाग की झांकी।

इन्द्री, 25 जनवरी
गणतंत्र दिवस की तैयारियां जोरों पर हैं। उपमंडल स्तरीय समारोह में शिक्षा विभाग की झांकी को लेकर बीईओ डॉ. गुरनाम सिंह मंढ़ाण के मार्गदर्शन में अध्यापकों और विद्यार्थियों की टीम तनमयता से काम कर रही है। बीआरपी रविन्द्र शिल्पी, हिन्दी प्राध्यापक अरुण कुमार कैहरबा, प्राथमिक शिक्षक महिन्द्र कुमार, धर्मवीर लठवाल, सबरेज अहमद, राजीव सैनी, मान सिंह चंदेल, उधम सिंह सहित अनेक अध्यापकों के नेतृत्व में निपुण हरियाणा पर केन्द्रित झांकी तैयार की जा रही है। हरियाणा के प्राथमिक स्कूलों में निपुण हरियाणा के तहत एफएलएन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। बीईओ डॉ. गुरनाम सिंह ने बताया कि शिक्षा विभाग की झांकी विशेष आकर्षण का केन्द्र होगी। झांकी का ध्येय वाक्य है- शिक्षा विभाग का यही है नारा, निपुण बने हरियाणा हमारा। इसके अलावा कक्षानुरूप योग्यताएं सिखाएंगे, हर बच्चे को निपुण बनाएंगे, बनी हर बच्चे की पहचान, आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान, महल झोंपड़ी घर कच्चे तक, शिक्षा पहुंचे हर बच्चे तक, पढऩा तुम पढ़ाना तुम चांद से आगे जाना तुम, सारी दुनिया अपनी है, बस बांहें फैलाना तुम आदि नारों और शिक्षा विभाग के प्रयासों को दिखाते हुए चित्र इस्तेमाल किए गए हैं। गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के ओवरऑल प्रभारी हिन्दी प्राध्यापक अरुण कुमार कैहरबा, बीआरपी रविन्द्र शिल्पी, महिन्द्र कुमार खेड़ा व धर्मवीर लठवाल ने बताया कि झांकी में योगदर्शन के पंचकोश की विहंगम प्रस्तुति सभी को आकर्षित करने वाली है। पंचकोश में शामिल पांच कोश-1अन्नमय कोश (शरीर का बाहरी आवरण) 2. प्राणमय कोश (ऊर्जा) 3. मनोमय कोश (भावनात्मक एवं आध्यात्मिक विकास) 4. विज्ञानमय कोश (बौद्धिक विकास) 5. आनंदमय कोश (सृजनात्मकता) विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास को प्रस्तुत करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि एक भी कोश की उपेक्षा होती है तो शिक्षा अपने मकसद से पीछे रह जाती है। राजीव सैनी, सबरेज अहमद व मान सिंह चंदेल ने बताया कि झांकी को सजाने के लिए 25 किलोग्राम फूल लेकर आए गए हैं। विद्यार्थियों के सहयोग से इन फूलों की मालाएं बनाई गई हैं, जिनसे झांकी को सजाया जाएगा। इसके अलावा कपड़े की झालरें भी झांकी की सजावट में इस्तेमाल होंगी। झांकी के चालक की भूमिका निभाने वाले प्राथमिक शिक्षक उधम सिंह व सुनील सिवाच ने बताया कि गणतंत्र दिवस एक राष्ट्रीय पर्व है। इसको लेकर हर भारतीय के मन में उत्साह का माहौल होना चाहिए। पूरी टीम उपमंडल स्तरीय समारोह को लेकर उत्साहित है। INDORE SAMACHAR 26-1-2025 DAINIK TRIBUNE 26-1-2025
No comments:
Post a Comment