पौधारोपण और रखरखाव से बच्चों को मिलेंगे पांच अंक: लठवाल
वन खंड अधिकारी ने पौधे वितरित किए
कहा: पेड़-पौधों के बिना धरती पर जीवन की कल्पना नहीं हो सकती
इन्द्री, 25 अगस्त
गांव
ब्याना स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नौवीं
कक्षा के विद्यार्थियों को पौधे वितरण का कार्यक्रम चल रहा है। शुक्रवार को
वन खंड अधिकारी राम कुमार लठवाल ने विद्यार्थियों को पौधे वितरित किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल प्रभारी सुभाष भारती और हिन्दी प्राध्यापक
सलिन्द्र कुमार मंढ़ाण ने की। कार्यक्रम का संचालन हिन्दी प्राध्यापक अरुण
कुमार कैहरबा ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि
कक्षा नौंवी का विद्यार्थी जहां भी पौधा लगाएगा, इस पौधे का विद्यार्थी को
चार साल तक रखरखाव करना होगा। ऐसा करने पर बच्चों को बोर्ड की परीक्षा में
पांच अंक प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण का आधार
हैं। अच्छे पर्यावरण के बिना हम धरती पर जीवन की कल्पना नहीं कर सकते।
उन्होंने कहा कि आज मनुष्य अपने स्वार्थ के वशीभूत होकर पर्यावरण व
प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुंध दोहन करने पर तुला है। हिमाचल प्रदेश सहित
पर्वतीय स्थानों पर भूस्खलन व प्राकृतिक आपदाएं इसी का नतीजा है। उन्होंने
कहा कि प्रकृति के पास देने मनुष्य की जरूरतें पूरी करने के लिए तो बहुत
कुछ है, लेकिन उसकी हवस पूरी करने के लिए कुछ नहीं है। वन विभाग के
कर्मचारी राजपाल सिंह ने विद्यार्थियों को पौधा लगाने के सही तरीके से अवगत
करवाया। अरुण कैहरबा व सलिन्द्र मंढ़ाण ने कहा कि प्रकृति के साथ तालमेल
बनाकर ही हम आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि जितने भी जीव-जंतु धरती पर
हैं। वे जैव विविधता को प्रकट करते हैं। इस जैव विविधता की रक्षा करने में
विद्यार्थी अहम भूमिका निभा सकते हैं।
No comments:
Post a Comment