एकता की भावना से मिलजुल कर कार्य करने से देश आगे बढ़ेगा: अरुण कैहरबा
राष्ट्रीय एकता की चुनौतियां विषय पर सेमिनार का हुआ आयोजन
इन्द्री, 31 अक्तूबर
गांव ब्याना स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता की चुनौतियां व विद्यार्थियों की भूमिका विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कार्यकारी प्रधानाचार्य अरुण कुमार कैहरबा ने कहा कि जिस तरह से परिवार व किसी भी सामाजिक इकाई को आगे बढऩे के लिए एकता की जरूरत होती है, उसी तरह से देश भी तभी आगे बढ़ता है, जब एकता की भावना के साथ देश के सभी व्यक्ति मिलजुल कर मेहनत करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की एकता को विविधता के बिना नहीं समझा जा सकता। यहां पर विवधता में एकता छिपी हुई है। भारत एक बहुलतावादी, बहुधर्मी, बहुजातीय देश है, जहां पर भौगोलिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, भाषिक अनेक प्रकार की विविधताएं हैं। इस विभिन्नता व विविधता में एकता समाई हुई है, उस एकता को देखना, समझना और उसे प्रसारित करना बेहद जरूरती काम है। उन्होंने कहा कि रंग, लिंग, जाति, सम्प्रदाय, भाषा, बोली, क्षेत्र की संकीर्णताएं एकता में सबसे बड़ी बाधक हैं। कुछ स्वार्थी लोग संकीर्णताओं को हवा देते हैं, लोगों में आपस में फूट डाल कर अपने स्वार्थ सिद्ध करते हैं। उन्होंने कहा कि हमें मन, वचन व कर्म से अपने देश के दूसरे लोगों की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। यदि किसी दूसरे के साथ भेदभाव किया जाएगा तो समाज व देश कमजोर होगा। राष्ट्रीय एकता के लिए शिक्षा, सहयोग, सद्भाव, मिलजुलकर कार्य करना जरूरी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता इतिहास प्राध्यापक सतीश कांबोज ने की और संचालन अर्थशास्त्र प्राध्यापक बलराज व हिन्दी अध्यापक नरेश मीत की देखरेख में शहीद भगत सिंह सदन के विद्यार्थियों ने किया। सक्षम पूजा, पिंकी व रजनी के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने एकता के संकल्प करते हुए दौड़ लगाई। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को एकता की शपथ दिलवाई। इस मौके पर प्राध्यापिका सीमा, निशा कांबोज, विनीत सैनी, स्नेहलता, कविता, सुरेन्द्र कुमार, गोपाल सिंह, जितेन्द्र उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment