पुस्तक मास
पुस्तकालय में चल रही अनेक गतिविधियां
इन्द्री, 28 अप्रैल
गांव ब्याना स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के पुस्तकालय में पुस्तक मास के उपलक्ष्य में अनेक प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। विद्यार्थियों में किताबें पढऩे को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रात:कालीन सभा में विद्यार्थी पढ़ी गई पुस्तकों पर चर्चा कर रहे हैं। विद्यार्थी को किताबें जारी की जा रही हैं। पढऩे के बाद उन्हें वापिस लिया जा रहा है। किताबों पर चर्चाएं हो रही हैं। वीरवार को पुस्तकालय में सफाई अभियान चलाया गया। सफाई अभियान में सक्रिय रूप से हिस्सा लेने वाले सातवीं कक्षा की नैंसी, नौवीं कक्षा की नेहा, चांदनी, पलक, आठवीं कक्षा की छात्रा भारती, वैश्रवी को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुस्तकालय प्रभारी राजेश सैनी, हिन्दी प्राध्यापक अरुण कुमार कैहरबा, हिन्दी अध्यापक नरेश कुमार मीत ने विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए स्कूल प्रभारी बलवान सिंह ने कहा कि किताबें ज्ञान का सर्वोत्तम माध्यम हैं। जो विद्यार्थी किताबों से दोस्ती कर लेता है, वह अनेक प्रकार की बुराईयों से बच जाता है। अंग्रेजी प्राध्यापक राजेश सैनी ने कहा कि पुस्तकालय किसी भी शिक्षा संस्थान की केन्द्रीय स्थान है। यदि विद्यार्थियों की रूचि पुस्तकालय जाने की हो जाएगी तो यह सबसे बड़ी उपलब्धि होगी। हिन्दी प्राध्यापक अरुण कुमार कैहरबा ने कहा कि पूरे महीने पुस्तकालय में अनेक प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने विद्यार्थियों को उत्साह के साथ गतिविधियों में हिस्सा लेने का आह्वान किया। हिन्दी अध्यापक नरेश कुमार मीत ने कहा कि 23 अप्रैल से शुरू हुए पुस्तक मास के अंत में 23 मई के आस-पास विभिन्न गतिविधियों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
No comments:
Post a Comment