Monday, March 21, 2022

Teeth tested by Health Deptt. Team in GMSSSS BIANA (KARNAL)

दांत हमारे मुंह का अहम हिस्सा, ना बरतें लापरवाही: डॉ. शालिनी

कहा: दिन में दो बार दांतों को अच्छी तरह से करें साफ

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यार्थियों के दांतों को जांचा, किया मार्गदर्शन

इन्द्री, 21 मार्च 

गांव ब्याना स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्कूल स्वास्थ्य के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की दंत चिकित्सक डॉ. शालिनी ने विद्यार्थियों की दंत जांच की और मौखिक स्वास्थ्य के बारे में परामर्श दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल प्रभारी बलवान सिंह ने की और संचालन व संयोजन हिन्दी प्राध्यापक अरुण कुमार कैहरबा और अर्थशास्त्र प्राध्यापक बलराज कांबोज ने किया।


दंत चिकित्सक डॉ. शालिनी ने कहा कि 20 मार्च को हर वर्ष विश्व स्तर पर मौखिक स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। इस उपलक्ष्य में स्वास्थ्य विभाग मौखिक स्वास्थ्य सप्ताह मना रहा है। जिसके तहत स्कूलों में विद्यार्थियों की दंत जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दांत हमारे मुंह का मुख्य हिस्सा हैं। दांतों की देखभाल करने में अक्सर लोग लापरवाही करते हैं। सुबह और सोने से पहले दांत साफ करने में कोताही बरती जाती है। दूसरे दांत साफ करने को कम से कम दो मिनट का समय दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ब्रुश करते समय सभी दांतों को सारे हिस्सों को साफ करने की बजाय दिखाई देने वाले दांतों को साफ करने पर ही जोर दिया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सही प्रकार से दांत साफ करने का तरीका बताया।


हिन्दी प्राध्यापक अरुण कुमार कैहरबा ने कहा कि पूर्ण स्वास्थ्य में मौखिक स्वास्थ्य का अहम हिस्सा है। दांतों के कारण चेहरे पर हंसी व प्रसन्नता शोभायमान होती है। उन्होंने कहा कि सही ढंग़ से साफ नहीं किए जाने के कारण दांतों में कीड़े लगने की शिकायत होती है। प्राध्यापक बलराज कांबोज ने कहा कि यदि हम भोजन का स्वाद लेना चाहते हैं तो दांतों की देखभाल जरूरी है। उन्होंने दांतों को मजबूत बनाने के लिए मौसम में गन्ना चूसने की सलाह भी दी।

स्कूल प्रभारी बलवान सिंह व इतिहास प्राध्यापक सतीश कांबोज ने स्वास्थ्य विभाग की दंत चिकित्सक व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का स्कूल में आगमन और विद्यार्थियों की जांच करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को डॉक्टर द्वारा बताई गई बातों पर अमल करने का संदेष दिया। इस मौके पर गौतम, कामना, लक्ष्य सहित अनेक विद्यार्थियों ने मौखिक स्वास्थ्य की बातों को खुद मानने और अन्य बच्चों तक पहुंचाने का संकल्प किया।  





No comments:

Post a Comment