Thursday, December 11, 2025

YUVA GRAM PANCHAYAT IN GMSSSS BIANA (KARNAL)

 रपट

लोकतंत्र का प्रशिक्षणस्थल बन रही युवा ग्राम पंचायत

युवा ग्राम पंचायत में गांव की स्वच्छता, शिक्षा व स्वास्थ्य के उठे मुद्दे

आम जन ने अपनी समस्याएं उठाकर गर्मागर्म बहस की

ब्याना के मॉडल संस्कृति स्कूल के विद्यार्थियों ने ग्राम सभा व पंचायत का किया शानदार मंचन

अरुण कुमार कैहरबा

शासन में आम जन की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतंत्र सफल होता है। किशोर व युवा विद्यार्थियों ने आने वाले समय में नागरिक बनना है। वे अच्छा नागरिक बनें, इसके लिए लोकतंत्र की प्रक्रियाओं में उन्हें प्रशिक्षण प्रदान करने की जरूरत है। इस दिशा में राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद नई दिल्ली ने शिक्षा में युवा संसद व युवा ग्राम पंचायत नाम के दो नवाचारी कार्यक्रम शुरू किए हैं। जिसमें देश भर के स्कूलों व शैक्षिक संस्थानों के विद्यार्थी हिस्सा लेकर सीखते हैं।


हरियाणा में जिला करनाल के गांव ब्याना स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एससीईआरटी व डाइट शाहपुर के निर्देशानुसार युवा ग्राम पंचायत का आयोजन किया गया। राजनीति विज्ञान प्राध्यापक बलविन्द्र सिंह व हिन्दी प्राध्यापक अरुण कुमार कैहरबा के निर्देशन में विद्यार्थियों ने ग्राम सरपंच, ग्राम सचिव, पंचायत सदस्य, ग्रामीण, अधिकारियों की भूमिका में शानदार अभिनय किया। युवा ग्राम सभा व पंचायत में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, बच्चों व युवाओं का मार्गदर्शन आदि मुद्दे उठाए गए। ग्राम सभा की बैठक में आम लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं और गर्मागर्म बहस की। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान शाहपुर के प्रोफेसर डॉ. बृजेश वत्स व पटहेड़ा स्कूल में राजनीति विज्ञान प्राध्यापक दुर्गा राणा ने अवलोकनकर्ता व निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य रामकुमार सैनी ने की। कार्यक्रम में गांव की सरपंच अंजू रानी, पंचायत सदस्य शीला देवी, मान सिंह, कृष्ण लाल, कुलविन्द्र व समाजसेविका अनु ने युवा पंचायत को देखा और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।


निर्णायक मंडल ने युवा पंचायत में सरपंच बनी सिमरण व ग्रामवासी बनी छात्रा नेहा को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चुना। पशु चिकित्सक बनी जैसमीन, पंच बने अनित पाल, ग्रामवासी सानिया, प्रधानाचार्य की भूमिका में प्रकृति, अक्षय सहित अनेक विद्यार्थियों के अभिनय की सराहना की गई। कार्यक्रम की शुरूआत में सरपंच सिमरण ग्राम सचिव अक्षय को ग्रामसभा व पंचायत की मीटिंग के बारे में चर्चा करती है। तय तिथि की सूचनाएं प्रसारित करने का निर्णय होता है। चौकीदार की भूमिका में मनीश मुनादी करता है।


कार्यक्रम में इसके बाद चर्चाओं का मााहौल जीवंत किया गया। गांव में हुक्का गुडग़ुड़ाते बुजुुर्ग, किसान, मूढ़े-पीढ़े पर बैठ कर खाना बनाती महिलाएं, पारंपरिक वेशभूषा में खाट पर बैठकर चर्चा करती महिलाओं का दृश्य विशेष आकर्षण का केन्द्र था। बहू ग्राम पंचायत में शामिल होने की बात कह रही है। वहीं बुजुर्ग महिला बहू को किसी भी सूरत में ऐसे किसी कार्यक्रम में शामिल होने का निर्देश दे रही है। किसान खेतों में लगातार बढ़ती जा रही मंडूसी को लेकर चिंता व्यक्त करते हैं तभी ग्राम सभा में शामिल होकर कृषि वैज्ञानिकों के सामने समस्या रखने का आइडिया आता है।

ग्राम सभा में मंचासीन सरपंच व ग्राम सचिव, मंच के एक तरफ पंच की भूमिका में सृष्टि, संजना, साक्षी, अनित पाल, लविश कुमार, जतिन कुमार, लविश शर्मा, समाजसेविका तृषा बैठे हैं। दूसरी तरफ पशु चिकित्सक डॉ. जैसमीन, बीडीपीओ महक, एडीओ मनप्रीत, बिजली विभाग के एसडीओ भूमिका, एएनएम शिखा आदि अधिकारी दीर्घा मौजूद है। ग्रामवासी की भूमिका में शिवानी, रीतू, रूबी, ज्योति, सानिया, मनीष, प्रियंका, नवनीत, लक्षिता, रीतिका, नव्या, मनीषा, मंतसा, आँचल, मलकीत, अनुष्का, कृति, गरिमा, माफी, भावना, राधिका, मनिंद्र, नेहा, रीतू, कामिनी, स्नेहा, रिया, अंश, अतुल, बॉबी, ऋषभ, हरदेव, कार्तिक आदि ग्राम सभा के हिस्सा रहे। शुरू में गांव के समाजसेवी के देहांत पर शोक व्यक्त किया जाता है। पिछली मीटिंग में लिए गए निर्णय रखे जाते हैं। ग्राम सचिव खर्च व आमदनी का ब्यौरा रखता है। सरपंच सिमरण कुशलता से ग्राम सभा की अध्यक्षता करते हुए कार्रवाई को आगे बढ़ाती है।


गांव के लोग विभिन्न मुद्दों पर अपनी राय रखते हैं। ग्रामवासी गांव में गंदगी, नालियों की व्यवस्था, स्कूल में नहीं आने वाले बच्चे, दहेज, महंगी शादियां, लिंगानुपात का असंतुलन, कन्या भ्रूण हत्या, सीबीएसई स्कूल में बच्चों से ली जा रही फीस, किसानों द्वारा खेतों में लगे पेड़-पौधों को काटा जाना, फसल अवशेष जलाया जाना, युवाओं का भटकाव, बढ़ता नशा आदि समस्याओं को उठाते हैं। भावी योजना में किस कार्य को प्राथमिकता दी जाए, इस मुद्दे पर गांव के लोग अपने-अपने कार्यों को लेकर सभा में खड़े हो जाते हैं।

कोई गली-नाली बनवाने की बात कर रहा है, कोई चौपाल बनाने, कोई सोख्ता गड्ढ़ा बनवाने और कोई स्कूल के मैदान का सौंदर्यीकरण करने का मुद्दा उठाता है। यह दृश्य गांव की वास्तविक तस्वीर को जीवंत करता है। सरकारी अधिकारी अपने-अपने विभाग की योजनाओं की बात करते हैं। बच्चों में फास्ट फूड के बढ़ते चलन सहित अनेक समस्याओं पर कमेटियों का गठन किया जाता है। ग्राम सभा के बाद ग्राम पंचायत की बैठक होती है और सरपंच की अध्यक्षता में पंचायत सदस्य विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हैं। यह एक अद्भुत कार्यक्रम रहा।

बृजेश वत्स ने कहा कि विद्यार्थियों में पंचायत की कार्यप्रणाली के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए युवा ग्राम पंचायत कार्यक्रम एनसीईआरटी के द्वारा देश भर में आयोजित किया जाता है। हरियाणा में एससीईआरटी गुरुग्राम व जिला में डाइट इस कार्यक्रम में आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्थानीय निकाय है, पंचायत व ग्राम सभा की बैठकों में पंचायत सदस्यों व आम जन की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इन्द्री खंड में पांच स्कूलों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। खंड स्तर पर एक स्कूल की टीम को प्रथम स्थान के लिए चुना जाएगा और वह टीम जिला स्तर पर हिस्सा लेगी। इस तरह से मंडल, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।


बृजेश वत्स व दुर्गा राणा ने करीब एक घंटे तक आयोजित हुए कायक्रम का  सूक्ष्मता से मूल्यांकन किया और बाद में उस पर टिप्पणी करते हुए मार्गदर्शन किया। सरपंच अंजू रानी, पंच शीला देवी व सामाजिक कार्यकर्ता अनु कांबोज ने ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली को जीवंत करने के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। बलविन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों की तैयारी की प्रक्रिया को रखा।

मंच संचालन करते हुए अरुण कुमार कैहरबा ने युवा ग्राम पंचायत के उद्देश्य व महत्व पर चर्चा की। प्रधानाचार्य रामकुमार सैनी व वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सुभाष भारती ने आए अतिथियों का स्वागत व आभार ज्ञापन किया। प्राध्यापक विनोद भारतीय, सतीश राणा, राजेश सैनी, मुकेश खंडवाल, महेश कुमार, बलराज कांबोज, नरेन्द्र कुमार, नरेश मीत सहित अध्यापकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में भूमिका निभाई।

-अरुण कुमार कैहरबा

हिन्दी प्राध्यापक 

9466220145






JANSANDESH TIMES 13-12-2025

INDORE SAMACHAR 13-12-2025










No comments:

Post a Comment