Saturday, June 7, 2025

HARIYALI & PUSHP ABHIYAN IN DSP OFFICE INDRI

पेड़ पौधे जैव-विविधता का स्रोत: सतीश गौतम

डीएसपी कार्यालय में किया गया पौधरोपण

कार्यालय में चलाया जा रहा है हरियाली व पुष्प अभियान

इन्द्री, 6 जून
स्थानीय उप पुलिस निरीक्षक कार्यालय परिसर में डीएसपी सतीश गौतम के नेतृत्व में चलाए जा रहे हरियाली एवं पुष्प अभियान का अवलोकन करने के लिए फ्लावर मैन ऑफ इंडिया डॉ. रामजी जयमल पहुंचे। दोनों ने अभियान के नवाचारों पर गहन मंत्रणा की। उन्होंने अभियान को गति देते हुए अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर पौधरोपण किया। इस दौरान अभियान सहयोगी महिन्द्र कुमार, अरुण कैहरबा, धर्मवीर लठवाल, मान सिंह चंदेल, जसविन्द्र पटहेड़ा, सुनील अलाहर, राजीव सैनी, विक्रम व सतबीर सिंह उपस्थित रहे।
डीएसपी सतीश गौतम ने कहा कि उनके कार्यालय में निरंतर हरियाली एवं सौंदर्यीकरण अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत विभिन्न किस्मों के छायादार, फलदार और सौंदर्यवर्धक पौधों का रोपण किया गया है। इसके अलावा विभिन्न किस्मों के फूलों के पौधे रोपे गए हैं। कार्यालय परिसर में खड़े झाड़-झंखाड़ को उखाड़ कर पार्क विकसित किए जा रहे हैं। लॉन, पेड़ों व पौधों की सिंचाई करने के लिए सबमर्सीबल लगवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि आज पर्यावरण को लेकर जो चिंताएं जताई जा रही हैं, उन्हीं चिंताओं का एकमात्र इलाज पेड़-पौधे हैं। पेड़ होंगे तो पंछी आ जाएंगे। जैव-विविधता का स्रोत पेड़ है। हरियाली ना केवल पर्यावरण का संरक्षण करेगी, बल्कि वहां पर रहने व काम करने वाले लोगों को मानसिक सुकून व काम का आनंद भी प्रदान करती है।
फ्लावर मैन ऑफ इंडिया के नाम से विख्यात डॉ. रामजी जयमल ने कार्यालय के परिसर की स्वच्छता, हरियाली व सौंदर्यीकरण की तारीफ करते हुए कहा कि कार्यालय में आने वाले लोगों के लिए भी यह प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि वे कार्यालय में चलाए जा रहे अभियान में सहयोग के लिए हमेशा तैयार हैं। उन्होंने आने वाले समय में कार्यालय परिसर में फूलों की नर्सरी विकसित करने का आश्वासन दिया।

No comments:

Post a Comment