Thursday, December 21, 2017

रेलगाड़ी का गीत

बड़ा अनोखा और मज़ेदार
रेलगाड़ी का सफर-संसार।

जगह-जगह से गाड़ी गुजरे
कोई चढ़े और कोई उतरे
बन जाता है इक परिवार

गाड़ी हलचल का है नाम
इससे जीवन का सम्मान
चलना है जीवन का सार

जात धर्म का भेद ना माने
करते सफर हैं जो दीवाने
सघन अनुभव का आगार

पहले होते जो अनजान
बांट के करते हैं जलपान
दिल में भर देता है प्यार

लौह पथ पर लौह गाड़ी
जैसे दौड़े कोई अनाड़ी
नहीं छोड़ती है मंझदार
             -अरुण कुमार कैहरबा

Wednesday, December 20, 2017

केरल में समुद्र तटीय अध्ययन शिविर यात्रा-वृत्तांत

रेलगाड़ी के अनुभव।

अरुण कुमार कैहरबा

रेलगाड़ी का सफर भी सघन अनुभवों से गुजरने जैसा होता है। 20दिसंबर, 2017को हम केरल में समुद्र तटीय अध्ययन शिविर के लिए हरियाणा के 245 प्रतिभागियों के साथ चंडीगढ़ से चंडीगढ़-कोचूवेली ट्रेन से रवाना हुए। रेलगाड़ी की एस-1बोगी में करनाल जिला के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गंगाटेहड़ी पोपड़ा की 10प्रतिभावान छात्राओं के साथ हम तीन अध्यापक सवार हैं। बच्चों का उत्साह देखते ही बनता है।
रेलगाड़ी में करनाल जिले के गांव गंगाटेहड़ी पोपड़ा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राएं वह अध्यापक।
क्यों ना हो, आखिर वे पहली बार देश के दक्षिणी छोर पर स्थित शिक्षा, स्वास्थ्य, शांति सहित विभिन्न क्षेत्रों में शानदार सूचकांक प्रदर्शित करने वाले केरल राज्य में घूमने जो जा रही हैं। छात्राओं के लिए घर से इतनी दूर घूमने का यह मौका हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग ने दिया है। छात्राओं के साथ उनकी अध्यापिकाएं भी हैं और कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राम कुमार सहित अधिकारी भी।
मैं रेलगाड़ी की यात्रा के अनुभव की बात कर रहा था। हम अंबाला पहुंचे थे कि नीचे से आने वाले यात्रियों की चहल-पहल तेज हुई। बोगी में जहां हम बैठे थे, वहीं पहले सेना की वर्दी में सजा एक युवक आया। पीछे उसके साथियों का समूह। कई भारी-भरकम थैलों और बंडलों को लिए युवकों को देख कर हैरानी हुई। साथी अध्यापक महिन्द्र ने ठेठ हरियाणवी अंदाज़ में तंज कसा कि भैया इतना सामना कैसे? उन्हें बात कुछ समझनहीं आई और वे अपना सामान जंचाने में लगे रहे। यात्रा जारी थी। इतना तो स्पष्ट हो चुका था कि युवक फौजी हैं। युवक का फोन आया तो मालूम हुआ कि वह केरल से है। वह मलयालम में बात कर रहा था।
रेलगाड़ी में हमारी सीट के सामने एक वृद्ध महिला सवार हैं, जिसे कोटा उतरना है। महिला सवार होते ही सो गई। मथुरा के बाद नींद से जगी है और इस चिंता में है कि कोटा चला ना जाए। डिब्बे में उन बुजुर्ग महिला की उपस्थिति बहुतही सुस्त है। गाड़ी में एक और यात्रियों का बड़ा समूह आया तो बोगी में हलचल हुई। बोलने में मीठे। इस समूह में महिलाएं अधिक हैं। पुरुष भी हैं। यह समूह धैर्यवान दिखाई देता है, लेकिन अपने थैलों को जंचाने के मामले में जल्दबाज है। बाद में इन्होंने गीत गाने शुरूकर दिए। मलयालम, अंग्रेजी और हिंदी में भजन। ईसा मसीह, ओम, देवी देवताओं आदि के सभी। और रात को खाना खाने के बाद रिकॉर्ड लगा दिया है। ध्यान की मुद्रा बना कर प्रवचन सुने जा रहे हैं। हाथों की विशेष मुद्राएं बना कर पूजा-अर्चना करने जैसा हो रहा है।
साथ ही बैठे फौजी से बातचीत का सिलसिला शुरू होता है। पता चलता है कि वह अपने घर केरल जा रहा है। बातचीत में ही पता चलता है कि उसका घर कालीकट में है। उस सह यात्री का नाम राहुल है। घनिष्ठ बातचीत में उसने अपने जीवन और केरल के बारे में अनेक बातें बताई।
रेलगाड़ी में केरल निवासी राहुल फौजी के साथ विचार विमर्श करते अरुण कैहरबा।
उसने बताया कि उसकी ड्यूटी काश्मीर में है। सेना भी शिक्षा व कौशल विकास के लिए अनेक प्रयास करती है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं बच्चों को शैक्षिक भ्रमण पर लेकर जाते हैं। यह बहुत जिम्मेदारी का काम है। इससे विद्यार्थियों को प्रेरणा और नया उत्साह मिलता है। उसने अपने बारे में बताया कि वह ज्यादा अच्छा विद्यार्थी नहीं था। सामान्य स्तर से भी कम था, लेकिन दसवीं में उसे अहसास हुआ और उसने योजना बना कर मेहनत की और अपने परिणाम में सुधार किया। दसवीं में 57प्रतिशत अंक प्राप्त करके भी शत प्रतिशत पाना लग रहा था। उत्तरोत्तर उसकी पढ़ाई में सुधार हुआ। सरकारी स्कूल में अभिभावकों के साथ अध्यापकों का संवाद विद्यार्थी के विकास में अहम भूमिका निभाता है।
केरल के बारे में राहुल जी ने महत्त्वपूर्ण जानकारी दी। केरल में भी निजी स्कूल बढ़ रहे हैं। सरकार, प्रशासन और जन प्रतिनिधियों का शिक्षा पर बल होता है। निजी क्षेत्र के लोगों के लिए भवन निर्माण की अनुमति लेने के लिए सरकारी स्कूलों में सुधार करने जैसी शर्त अच्छी लगी। कुछ कंपनियों ने स्कूलों की ढ़ांचागत स्थिति में आमूलचूल परिवर्तन किया है। हरियाणा व उत्तरी भारत के राज्यों के लिए यह हैरानी की बात है। पंचायतीराज राज व्यवस्था भी वहां के विकास में केन्द्रीय भूमिका निभाती है। धर्म-जाति की संकीर्णता केरल में दिखाई नहीं देती है। सभी दसवीं बारहवीं तो करते ही हैं।


Tuesday, September 26, 2017

विश्व पर्यटन दिवस (27सितंबर) पर विशेष


एकता और विकास का सशक्त माध्यम है सैर-सपाटा

अरुण कुमार कैहरबा

मानव जीवन केवल धन कमाने के लिए नहीं है। धन इसलिए कमाया जाता है ताकि जरूरतें पूरी हो सकें। हमारे देश में जरूरतें पूरी करते हुए धन कमाते-कमाते कईं बार जीवन का ही अवमूल्यन हो जाता है और धन कमाना लक्ष्य बन जाता है। अब जरूरतों की बात की जाए तो आनंद, ज्ञान और अनुभव प्राप्ति मानव जीवन
DAINIK SAVERA TIMES 27-9-2017

DAINIK JAGMARG 27-9-2017
का एक लक्ष्य होना चाहिए। यह लक्ष्य पूरा करने के लिए सैर-सपाटा या पर्यटन एक बड़ा माध्यम है। इसको ध्यान में रखते हुए शायर ख्वाजा मीर दर्द ने कुछ यूं कहा है-

सैर कर दुनिया की गाफिल जिंदगानी फिर कहां,
जिंदगानी गर रही तो ये जवानी फिर कहां।
ख्वाजा मीर साहब ही नहीं दुनिया में अनेक दार्शनिकों ने सैर-सपाटे की अहमियत को बताया है। पर्यटन की अहमियत पर हिन्दी के जाने-माने साहित्यकार एवं दुनिया की सैर करके सीखते रहे राहुल सांकृत्यायन ने इसको लेकर पूरा ‘घुमक्कड़-शास्त्र’ ही लिख रखा है। दुनिया को एक सूत्र में पिरोने और ज्ञान का प्रसार करने में घुमक्कड़ों का बड़ा योगदान रहा है। एक स्थान से दूसरे स्थान पर घूमने वाले व्यक्ति नए अनुभव अर्जित करते हुए अपने अनुभवों से दूसरों को परिचित करवाते हैं और अनेक प्रकार की भ्रांतियों और पूर्वाग्रहों को दूर करते हैं। एक छोटे से दायरे में रहने के कारण हम अपने बारे में मिथ्या धारणाएं पाल लेते हैं। कईं बार अपने को कम आंकने लगते हैं और दूसरों को ज्यादा तथा कईं बार इसका उलट होता है। दूसरे स्थान पर जाने से स्थितियों और वातावरण के अनुकूल जीवन के विविध रूपों, परंपराओं और रीति-रिवाजों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है। घूमने का आनंद तो सभी को रोमांचित कर देता है। 
आज पर्यटन सामाजिक-सांस्कृतिक आदान-प्रदान ही नहीं आर्थिक तरक्की का भी मुख्य जरिया है। जिस स्थान पर लोग घूमने के लिए जाते हैं, वहां के लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं। इससे लोगों के जीवन में खुशहाली आ सकती है। दुनिया भर में अनेक स्थान घूमने का आनंद लेने के लिए बेहतर माने जाते हैं। भारत में भी अनेक स्थानों पर दुनिया भर के पर्यटक खिंचे चले जाते हैं। कुछ ऐसी समस्याएं भी हैं, जोकि किसी पर्यटक स्थान पर लोगों को आने से रोकती हैं। भारत में कश्मीर ऐसा ही स्थान है, जहां पर सुंदर प्राकृतिक नजारों के बावजूद आतंकवाद और अशांति की खबरें लोगों को वहां जाने से रोक देती हैं। हमारे देश की भौगोलिक, प्राकृतिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विविधताओं के कारण पर्यटन के विकास की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन उन संभावनाओं का हम फायदा नहीं उठा पा रहे हैं। इसका एक बड़ा कारण तो कुप्रबंधन, अस्वच्छता एवं गंदगी है। सफाई की स्वस्थ आदतों के अभाव में हमने पूरे देश को कूड़दान में तब्दील कर दिया है। कहीं भी कूड़ा डालने की प्रवृत्ति के कारण हमने अपने वैश्विक धरोहर के रूप में विख्यात स्थानों को भी गंदा कर दिया है। हमारे अनेक स्थान तो सरकारी उपेक्षा का शिकार हैं। इसे अपने ही शहर के उदाहरण के द्वारा बयां करुं तो ज्यादा ठीक होगा। हरियाणा के शहर इन्द्री में शहर के इतिहास के दो महत्वपूर्ण स्थान हैं। एक इन्द्री का किला और दूसरा शीशमहल। किले को उजाड़ कर लोगों ने कब्जे कर लिए हैं। शीशमहल के अंदर खड़े झाड़-झंखाड़ लोगों को खुले में शौच जाने की सुरक्षित जगह लगते हैं। यदि हम अपने गांव और छोटे-छोटे शहरों के इतिहास को दर्शाने वाले स्थानों को सुरक्षा प्रदान करने साफ-स्वच्छ कर लें तो यही स्थान आस-पास के लोगों के लिए भी पर्यटक स्थल हो सकते हैं। पर्यटन के बारे में एक स्वस्थ नजरिया विकसित करने की जरूरत है। पंचायती राज संस्थाओं, नगर संस्थाओं और सरकारों को ही नहीं स्वयंसेवी संस्थाओं को स्वच्छता, सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं पर गहरा आत्ममंथन करने और सक्रियता के साथ काम करना होगा। 
दुनिया भर में 27सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र संघ ने इसकी शुरूआत 1980 में की थी। क्योंकि इसी दिन विश्व पर्यटन संगठन का संविधान स्वीकार किया गया था। पर्यटन को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए हर वर्ष एक विषय तय किया जाता है। वर्ष 2017 के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ ने ‘सतत पर्यटन-विकास का एक औजार’ विषय निर्धारित किया है और 2017को विकास के लिए सतत पर्यटन का अन्तर्राष्ट्रीय वर्ष भी घोषित किया है। संयुक्त राष्ट्र महासभा का मानना है कि 2015 में भारत सहित दुनिया के 193 देशों द्वारा स्वीकार किए गए 17सतत विकास लक्ष्य पूरा करने में पर्यटन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। सरोकारों को पर्यटन से जोड़ दें तो शांति, सद्भावना, समानता, न्याय, पर्यावरण संरक्षण, सबको शुद्ध पानी, पर्याप्त भोजन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामूहिक सक्रियता आदि लक्ष्यों को आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।

Monday, September 25, 2017

ताऊ देवी लाल की जयंती (25सितंबर) विशेष

नई राजनीतिक संस्कृति का सूत्रपात करने वाले थे ताऊ देवी लाल

अरुण कुमार कैहरबा

राजनेताओं में सत्ता का मोह एवं स्वेच्छाचारिता लोकतांत्रिक व्यवस्था को नाकाम बना देते हैं। लोकराज की सफलता के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष का जनता के सबसे कमजोर वर्ग की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं से जुडऩा बहुत जरूरी है। गरीब किसान, मजदूर, मेहनतकश, पिछड़ा, घुमंतु, दलित, महिला व अल्पसंख्यक के दुख-दर्द व मन की भावनाओं को समझना और उसके अनुरूप अपनी योजनाएं बनाने वाले नेता लोगों में अपनी अलग पहचान बनाते हैं। राजनीति में किसानों के मसीहा व जननायक के नाम से विख्यात ताऊ देवी लाल ऐसे ही राजनेता थे, जिन्होंने कमजोरों के लिए संघर्ष किया। वे कहा करते थे-लोकराज लोकलाज से ही चलता है। यह उनका कोई तकिया कलाम ही नहीं था, बल्कि राजनीति का सिद्धांत था। देश की राजनीति में वे विपक्षी एकता के प्रतीक बन गए थे।
देवी लाल का जन्म 25सितंबर, 1914 को सिरसा के गांव तेजाखेड़ा में चौ. लेखराम व शुंगा देवी के सम्पन्न जमींदार परिवार में हुआ था। तब देश अंग्रेजों का गुलाम था। आजादी के लिए अंग्रेजी शासन के खिलाफ चल रहे आंदोलन ने कम उम्र के बालक को अपनी ओर खींचा और वे तत्कालीन राजनीतिक गतिविधियों में हिस्सा लेने लगे। 1929 में उन्होंने कांग्रेस लाहौर अधिवेशन में एक स्वयंसेवी के रूप में हिस्सा लिया। देशप्रेम के कारण ही दसवीं कक्षा में उन्हें स्कूल से निकाल दिया गया। इससे वे स्वाधीनता आंदोलन में कूद पड़े और उन्हें कईं बार जेल भी जाना पड़ा। देश की आजादी के बाद संयुक्त पंजाब की राजनीति में सक्रिय हो गए। विधायक व मुख्य संसदीय सचिव आदि पदों पर रहते हुए हरियाणा की जनता के हितों के लिए वे ताकतवर मुख्यमंत्रियों से भी टकराए। संयुक्त पंजाब में हिन्दी भाषी क्षेत्रों में विकास के मामले में भेदभाव होता देखकर उन्होंने अलग राज्य की मांग उठाई और इसके लिए अथक संघर्ष किया। उनके संघर्षों से 1नवंबर, 1966 में हरियाणा के रूप में अलग राज्य अस्तित्व में आया और उन्हें हरियाणा के निर्माता होने का सम्मान प्राप्त हुआ। देश में आपातकाल लगाया गया तो इसका उन्होंने विरोध किया और जेल में डाल दिए गए। 1977 से 1979 तथा 1987 से 1989 तक वे हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे। प्रदेश का मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने जो नीतियां लागू की, उससे देश भर में उनको पहचान मिली। 19अक्टूबर,1989 से 21जून, 1991 तक वे भारत के उप-प्रधानमंत्री रहे। जनता दल की सरकार में तब उन्हें सर्वसम्मति से प्रधानमंत्री चुना जा रहा था। लेकिन वे देश के अति महत्वपूर्ण पद पर खुद ना बैठ कर वी.पी. सिंह को बैठा दिया और स्वयं उपप्रधानमंत्री बन गए। त्याग की भावना और दूसरों को आगे करने के कारण ही उन्हें राजनीति का भीष्म पितामह कहा जाता है। छह अप्रैल, 2001 में उनकी मृत्यु हो गई।
मुख्यमंत्री रहते हुए हरियाणा में विभिन्न प्रकार के नाजायज टैक्स व अफसरशाही को समाप्त करने में उनका अहम योगदान रहा। उन्होंने वृद्धावस्था पैंशन शुरू करके देशभर में नाम कमाया। अपने शासनकाल में उन्होंने घुमंतु समुदायों की सूची बनवाई और स्कूल में हाजरी होने पर प्रति बच्चा प्रतिदिन के हिसाब से एक रूपया देने की घोषणा की ताकि बच्चे स्कूलों में आ सकें और शिक्षा से अपने जीवन को संवार सकें। गांव और किसान उनकी राजनीति के केन्द्र-बिंदु थे। वे मानते थे कि असली भारत तो गांव में ही बसता है। वे कहा करते थे-भारत के विकास का रास्ता खेतों से होकर गुजऱता है। जब तक गऱीब किसान, मज़दूर इस देश में सम्पन्न नहीं होगा, तब तक इस देश की उन्नति के कोई मायने नहीं हैं। इसलिए वो अक्सर यह दोहराया करते थे- हर खेत को पानी, हर हाथ को काम, हर तन पे कपड़ा, हर सिर पे मकान, हर पेट में रोटी, बाकी बात खोटी। अपने इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए उन्होंने जीवनभर संघर्ष किया। किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए उन्होंने फसलों के लाभकारी मूल्यों और कर्जा मुक्ति के उपाय किए।     
ताऊ देवी लाल मानते थे कि देश में दो वर्ग हैं-लुटेरे और कमेरे। लुटेरों का साथ और सहयोग लेकर राजनेता कमेरों के लिए काम नहीं कर सकते। वे चुनावों में भी जनता का सहयोग लेने में विश्वास रखते थे। इसलिए उन्होंने एक वोट-एक नोट का नारा दिया था। हरियाणा के गांव-गांव में उन्होंने चौपालें बनवाईं। प्रदेश व देश की राजनीति में सक्रिय रहते हुए जहां उन्होंने नीति के स्तर पर बदलाव किया, वहीं सत्ता के नशे में गांव-देहात व किसान-मजदूर को नहीं भूले। गांव में खेत में काम कर रहे और या फिर हुक्का गुडग़ुड़ा रहे लोगों के बीच बैठकर उनके साथ बात करना उनका शौक था। सत्ता के नशे से दूर लोगों के बीच में बैठकर उनके मन की बात जानना और उसके अनुकूल कार्य करना अपना धर्म मानते थे। वे मानते थे कि सत्ता सिर्फ अपने मन की बात करने या सुख भोगने के लिए नहीं है, बल्कि जनसेवा के लिए है। पुत्रमोह, परिवारवाद और जातिवादी राजनीति के लिए उनकी आलोचना भी की जाती है, लेकिन हरियाणा ही नहीं देश की राजनीति में उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा।

Friday, September 22, 2017

हरियाणा एवं शहीदी दिवस (23सितंबर) पर विशेष

हरियाणा के वीरों ने अपनी कुर्बानियों से बढ़ाया देश का मान

अरुण कुमार कैहरबा

भारत की आजादी की लड़ाई में संघर्षों और शहादतों का बड़ा ही गौरवशाली इतिहास रहा है। स्वतंत्रता आंदोलन में वीरता और बहादुरी के अनेक प्रकार के उदाहरण देखने को मिलते हैं। इस आंदोलन का आगाज़ 1857 से होता है, जब बड़े पैमाने पर अंग्रेजों की साम्राज्यवादी एवं उपनिवेशवादी नीतियों के खिलाफ आक्रोश और विद्रोह देखने को मिला। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता आंदोलन के देश भर में अनेक केन्द्र थे और विभिन्न रियासतों के राजा उसका नेतृत्व कर रहे थे। बहादुर शाह जफर, मंगल पांडे, तात्या टोपे, नाना साहब, कुंवर सिंह, झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, बेगम हजरत महल, रानी राजेश्वरी देवी सहित अनेक नेता थे, जिन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ लोगों का नेतृत्व किया। एक नवंबर, 1966 को आजाद भारत में अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आए हरियाणा के लोगों ने भी इस आंदोलन में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया और शहादतें दी। इन्हीं में से एक थे-राजा राव तुलाराम। राव तुलाराम 1857 की क्रांति के महान नायक थे। भारत से अंग्रेजी शासन का खात्मा करने के लिए अहीरवाल के राजा राव तुलाराम ने हजारों सैनिकों की बहादुर सेना तैयार की और अंग्रेजों की सेना के साथ जंग लड़ा। स्वतंत्रता आंदोलन का वह महानायक काबुल में अंग्रेजों के खिलाफ मोर्चेबंदी करते हुए 23सितंबर 1863 को गंभीर रूप से बीमार होकर शहीद हो गया था। उन्हीं के शहीदी दिवस को हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस के रूप में मनाया जाता है।
यह दिन जंगे-आजादी में 1857 की पहली क्रांति, आजादी की लड़ाई के नायक राव तुलाराम तथा आजादी की लड़ाई में हरियाणा के योगदान की एक साथ याद दिलाता है। राव तुलाराम का जन्म 9दिसंबर, 1825 को रेवाड़ी के राज परिवार में हुआ था। इनके पिता का नाम राव पूर्ण सिंह और माता का नाम ज्ञान कुंवर था। पांच साल की अवस्था में शुरू हुई शिक्षा में शस्त्र चलाना और घुड़सवारी भी सिखाई जा रही थी। जब तुलाराम 14साल के हुए तो पिता राजा पूर्ण सिंह की मृत्यु हो गई। इस अल्पायु में ही उनके कंधों पर राजपाट की जिम्मेदारी भी आ गई। 1857 में पहले स्वतंत्रता आंदोलन की लहर जब अहीरवाल पहुंची तो राव तुलाराम ने आंदोलन में हिस्सा लेने में देर नहीं लगाई। राव तुलाराम ने क्रांति का बिगुल बजा दिया। क्रांतिकारी नेताओं ने बहादुर शाह जफर को हिंदोस्तान का बादशाह घोषित कर दिया। राव तुलाराम ने अंग्रेजों के शासन को समाप्त करने का ऐलान कर दिया। तुलाराम की तैयारियों को देखते हुए अंग्रेज गुडगांव व आसपास के क्षेत्र को छोड़ कर भाग खड़े हुए। लेकिन संगठित होकर राव तुलाराम को घेरने की कोशिश की। राव तुलाराम के हजारों सैनिकों की सेना नसीबपुर के मैदान में पूरी वीरता के साथ अंग्रेजी सेना के साथ लड़ी। हरियाणा के मजदूर व किसान परिवारों के वीरों ने सुविधाओं व हथियारों से सम्पन्न अंग्रेजी सेना के छक्के छुड़ा दिए। अंग्रेजों के कर्नर जैराल्ड व अनेक अफसर मारे गए। लंबे संघर्ष के बाद राव तुलाराम घायल हो गए और राजस्थान की तरफ चले गए। इलाज के बाद वे अंग्रेजों के खिलाफ मदद मांगने के लिए अनेक शहरों से होते हुए
DAINIK HARIBHOOMI 23-9-2017


DAINIK JAGMARG 23-9-2017
DAINIK PAL PAL 23-9-2017
काबुल पहुंचे। अंग्रेजों के खिलाफ मोर्चेबंदी करते हुए बीमारी की चपेट में आने से 23सितंबर, 1863 को उनका देहांत हो गया। 1957 में प्रथम स्वतंत्रता आंदोलन के शताब्दी वर्ष में नारनौल व रामपुरा में सरकार ने शहीद राव तुलाराम की याद में शहीदी स्मारक बनवाए।
हरियाणा वीरों की भूमि है। वीरता और साहस की सार्थकता तभी है, जब इसका प्रयोग समाज व देश हित में किया जाए। 1857 के पहले स्वतंत्रता आंदोलन में ही नहीं हरियाणा के वीरों ने इससे पहले और बाद में आजादी की लड़ाई में हिस्सा लिया। आजादी की लड़ाई की महान विरासत की खूबी यह है कि उसमें युवाओं का साहस और उनकी कुर्बानियां विचारहीन नहीं थी। अंग्रेजी दासता व अत्याचारों से अपमान की पीड़ा और क्रांति का विचार प्रेरक शक्ति थी, जो युवाओं को कुर्बानियों के लिए आगे बढ़ाती थी। आजादी के बाद में भारतीय सेना के तीनों अंगों और सुरक्षा बलों में हरियाणा के युवाओं का अहम स्थान रहता है। हरियाणा के वीर एवं शहीदी दिवस पर वीरों की शहादतों को श्रद्धांजलि देते हुए हरियाणा में सामाजिक परिवर्तन के बारे में संकल्प करने की जरूरत है। प्रति व्यक्ति आय, खेती में फसलों की पैदावार और सेनाओं व सुरक्षा बलों में अव्वल रहने वाले हरियाणा में समाज को कन्या भ्रूण हत्याओं, ऑनर कीलिंग और जातिवाद के कलंक से मुक्त करने का संकल्प भी लिया जाना चाहिए।

Wednesday, September 20, 2017

विश्व शांति दिवस (21सितंबर) पर विशेष

युद्ध और विनाश नहीं, शांति और विकास हो

अरुण कुमार कैहरबा

DAINIK HARIBHOOMI 21-9-2017
देश-दुनिया के पूरे परिदृश्य पर निगाह दौड़ाई जाए तो निराशाजनक स्थितियां साफ दिखाई देती हैं। एक देश दूसरे देश से प्रतिद्वंदिता में लगा है। युद्ध हो रहे हैं या फिर युद्ध की तैयारियां हो रही हैं। परमाणु बमों के परीक्षण हो रहे हैं। युद्ध का भरा पूरा बाजार है। विश्व के पैमाने पर कुछ देश अपना वर्चस्व कायम करने के लिए साम्राज्यवादी सोच को बढ़ावा दे रहे हैं। युद्ध का सामान का उत्पादन करने वाली कंपनियां देशों की विदेश नीतियों को संचालित कर रही हैं। अपना सामान बेचने के लिए वे दुनिया को युद्ध की आग में झोंक रही हैं। पूंजीवादी, साम्राज्यवादी और नव-उपनिवेशवादी विचारधाराएं लेकर कुछ देश लोकतंत्र के ध्वजवाहक भी बने हुए हैं। ऐसे में शांति कैसे स्थापित होगी, यह एक ज्वलंत प्रश्र है।
DAINIK HIMACHAL DASTAK 21-9-2017
पूरी दुनिया युद्धों, साम्प्रदायिक हिंसा और दंगों के दुष्परिणामों से भली-भांति परिचित है। कितनी बड़ी आबादी इसकी भेंट चढ़ चुकी है। कितने लोगों को अपने हंसते-खेलते घरों से उजडऩा पड़ा है। हम विश्वयुद्धों का संताप झेल चुके हैं। हिरोशिमा और नागाशाकी में परमाणु बमों से पैदा हुए विनाश को भी झेल चुके हैं। लेकिन फिर भी युद्धों से बाज नहीं आ रहे। देश के अंदर भी विकास के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए किसी देश को दुश्मन देश करार देकर छदम युद्ध का माहौल बना दिया जाता है। यह एक बेहद घातक रूझान है। राष्ट्रीय सुरक्षा का प्रश्र अहम है, यह तो सही है लेकिन क्या बाहरी हमले की आशंकाओं को आधार बनाकर राजनीति करना उचित है।
DAINIK SAVERA TIMES 21-9-2017
युद्ध और आतंकवाद के घातक परिणामों से साहित्य भरा हुआ है। युद्ध संवेदनशीलता को समाप्त कर देता है और मनुष्य को हैवान बना देता है। मलाला युसूफजई ने तालिबानी आतंकियों द्वारा पाकिस्तान में किए गए अत्याचारों का मार्मिक चित्रण किया है। तालिबान द्वारा स्कूल बंद कर दिए जाने और लड़कियों पर लगाई गई पाबंदियों से पैदा हुई व्यथा को बयां किया तो आतंकी उसकी जान के दुश्मन बन गए। इसी प्रकार दूसरे विश्व युद्ध के दौरान जर्मनी में हिटलर की अगुवाई में यहुदियों को दी गई यातनाओं और जनसंहार को ऐन फ्रैंक ने अपनी डायरी में लिखा, जिससे हिटलर के अत्याचारों से दुनिया रूबरू हुई। दुनिया में अमन-शांति और संवेदनशीलता का माहौल पैदा करने में साहित्य व कलाओं का महत्वपूर्ण योगदान है। साहित्य कमजोर के पक्ष में खड़ा होकर न्यायसंगत व समता पर आधारित व्यवस्था की स्थापना के पक्ष को मजबूत करता है। लेकिन आजकल कविता को भी युद्धोन्माद पैदा करने का जरिया बनाया जा रहा है। कविताओं में कवियों को किसी देश या दुश्मन को ललकारने को देखा हुआ जा रहा है। देश में बहुत से चैनल टाइम पास करने के लिए किसी देश को दुश्मन देश करार देकर मोर्चेबंदी करते हुए देखे जा रहे हैं।
ऐसे में शांति की पक्षधरता करते हुए मजबूती से खड़े होने की जरूरत है। आज जब सोशल मीडिया के द्वारा सूचनाएं और अफवाहें पल भर में ही पूरी दुनिया में फैल जाती हैं तो सही-गलत की पहचान करके युद्ध के किसी छदम आह्वान को नाकाम करने की जरूरत है। शांति कमजोरी नहीं है। आजादी की लड़ाई में गांधी जी ने अहिंसा का प्रयोग करके दिखाया कि अहिंसा के जरिये भी अत्याचारी ताकतों को डराया जा सकता है। आज गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी हमारे सबसे बड़े दुश्मन हैं। विकास की राह तैयार करने के लिए शांति और अहिंसा मजबूत शस्त्र हैं। इन शस्त्रों का प्रयोग करना सीखना जरूरी है। संयुक्त राष्ट्र संघ के आह्वान पर 21 सितंबर को प्रति वर्ष विश्व शांति दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष इस दिवस के लिए ‘शांति के लिए साथ दें-सभी के लिए सम्मान, सुरक्षा और गरिमा’ रखा गया है। हर रोज दूसरों को ललकार कर एक दिन शांति पर विचार करने से तो काम नहीं चलेगा। शांति के लिए सभी को काम करना होगा और एकजुटता भी दिखानी होगी। भाईचारे और सह-अस्तित्व की भावना से ही आगे बढ़ा जा सकता है।



Sunday, July 16, 2017

..और बदल डाली स्कूल की तस्वीर

हरियाणा शिक्षा विभाग की पत्रिका शिक्षा-सारथी के मई-जून, 2017 के अंक में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पधाना, जिला-करनाल की उपलब्धियों पर प्रकाशित लेख-





Monday, June 19, 2017

चाहे ना हो फायदा, रोने का बन गया कायदा!

व्यंग्य

अरुण कुमार कैहरबा

आज कल गर्मी पड़ी हुई है तो लोग गर्मी को रो रहे हैं। भई बहुत गर्मी है। पहले ऐसी गर्मी नहीं पड़ती थी। ओहो पसीना। घर में बैठना भी दूभर हो गया है। बाहर भी कहां जाएं। सूरज आग बरसा रहा है। ऊपर से बिजली नहीं है। बिजली नहीं है तो पानी भी कहां से आएगा। बस गर्मी की पूंछ पकड़ कर बिजली-पानी तक पहुंच गए। इसके बाद बारी सरकार की है। सत्ता में आने से पहले सत्ता वाली पार्टी ने 24घंटे बिजली-पानी देने का वादा किया था। अब मीटर बाहर निकलवाने लगे हैं। सत्ता के मजे लूटते हुए संत बन कर बिजली चोरी नहीं करने के उपदेश दे रहे हैं। उसके बाद भी पूरी बिजली की कोई गारंटी नहीं है। राजनीति का भी कोई दीन-धर्म ही नहीं है। क्या यही आजादी है, जिसके लिए युवकों ने हंसते-हंसते अपनी शहादत दी थी। रोने का यह सिलसिला भईया रूकने वाला नहीं है। 24घंटे बिजली-पानी आए या नहीं आए लेकिन आम भारतीय चौबीस घंटे रो जरूर सकता है। सरकार से लेकर प्रकृति तक की फजीहत कर सकता है।
अब प्रकृति तो प्रकृति है। प्रकृति तो भगवान ही है। उस पर किसका बस है। लेकिन सरकार तो लोगों ने ही बनाई है। अपने सृजन को कोसने का यह अद्भुत उदाहरण है। अमेरिका की जनता ने पहले डोनाल्ड ट्रंप को जिताया और बाद में लगे उसके खिलाफ प्रदर्शन करने। यह रेत का घरौंदा नहीं है, जिसे बच्चा बनाकर पैर से गिरा दे। यह तो सरकार है। एक बार बनाने के बाद पांच साल तक तो झेलनी ही पड़ेगी। अब सरकार चुन दी है तो उसकी नीतियों को भी देख लो। अब रोने-झींकने से क्या काम चलेगा। अब सरकार का बस है तो वह अपनी मर्जी करेगी। कभी जीएसटी और आधार का विरोध करने वाली पार्टी की सरकार अब इसे लागू कर रही है। उसकी मर्जी है। आखिर सरकार है। जब जनता की बारी आएगी, वह अपने मन की कर लेगी। जैसे को तैसा। सत्ता में आने के बाद अपने आप को देवता मानने वाले लोगों की चुनावों में नींद टूटती है। उन्हें पता चलता है कि लोकतंत्र में अंतिम शक्ति तो जनता के पास ही है। लेकिन गर्मी-सर्दी का तो कुछ नहीं किया जा सकता।
मौसम का तो आनंद लेने में ही फायदा है। गर्मी में शरीर को कपड़ों का बोझ तो नहीं उठाना पड़ता। ना रजाई ना कंबल। ना जर्सी ना मफलर। हल्के-फुल्के कपड़े फंसाओ और चल पड़ो। जिस सर्दी में पानी से डर लगता है। गर्मी में उसी पानी में नहाने का मजा ही कुछ और है। यदि पानी है तो मजे से नहाईये नहीं है तो सर्दी को याद कीजिए जब नहाना किसी यातना जैसा लगता था। वाह क्या गर्मी है। गर्मी नहीं है तो क्या हुआ। हाथ का पंखा लेकर हवा कीजिए और हाथ की एक्सरसाइजन करने का सुख भोगिये। पंजाबी में कहावत है कि मन दा की समझाणा, ओधरों पुटणा ऐधरों लाणा। अपने मन को समझाने से समाधान होगा।
भारत में तो भाग्यवाद की एक समृद्ध एवं गौरवशाली परंपरा है। कमाल है कि इसके बावजूद लोग रो क्यों रहे हैं। क्या भाग्य पर लोगों को भरोसा नहीं रहा। नहीं तो यही एक चीज है, जिसके सहारे काम चलाया जा सकता है। मनोकामना पूरी नहीं होने पर ग्रहदशा को आसानी से कोसा जा सकता है। किस्मत का सितारा डूबने की चर्चा की जा सकती है। सरकार का ऐतबार किया नहीं जा सकता। भले ही वह आपकी चुनी हुई है।

Saturday, June 10, 2017

नंबर का खेल, कोई पास कोई फेल!


व्यंग्य 

अरुण कुमार कैहरबा

PUBLISHED IN DAINIK SACH KAHOON (10-6-2017)
नंबर का खेल भी अजीब है। हर कोई नंबर बनाने में लगा है। कोई नंबर वन बनना चाहता है और कोई अधिकाधिक नंबर लूटने में ही जीवन की सार्थकता समझ रहा है। जीवन नंबर गेम में तब्दील हो गया है। नंबर बनाने के लिए कुछ लोगों को कितने पापड़ बेलने पड़ते हैं, वहीं कुछ लोग बिना हड़-फिटकरी के चोखा रंग कमा रहे हैं। बच्चे परीक्षा में अधिक से अधिक नंबर लेने के लिए दिन-रात एक कर देते हैं। फिर भी मेहनत और आशा के अनुरूप अंक कहां मिलते हैं। रही-सही कसर दूसरों के अंक देखकर पूरी हो जाती है। मुर्गा अपनी जान से हाथ धो बैठता है और खाने वाले को मजा नहीं आता है। बच्चों के मां-बाप मुंह बिगाड़ते हुए कहते हैं-फलां के बच्चों ने देखो कितने अच्छे अंक लिए हैं। इस तरह की जली-कटी बातें बच्चे के हृदय को छीलती हुई गुजरती हैं। बोर्ड की परीक्षाओं में ज्यादा नंबर लूटने के लिए मां-बाप बच्चों को कमरों और किताबों में कैद कर देना चाहते हैं। बच्चे ना हुए नंबर लेने की मशीनें हो गईं। अभिभावकों को भी अपने बच्चों के अंकों से ज्यादा मतलब नहीं होता। बल्कि उन्हें अपने नंबरों की चिंता सताती है। बच्चे के जितने ज्यादा नंबर होंगे, मां-बाप के भी अपने मोहल्ले व मित्र-मंडली में उतने ही अधिक नंबर बनेंगे। यह नंबरों का खेल बच्चों की जान ही ना लेकर छोड़े। नंबरों के खेल ने शिक्षा के मूल्यों को तो धराशायी कर ही दिया है। शिक्षा प्राप्त कर रहे नौनिहालों की ही तरह सट्टेबाजी में लगे लोगों में भी कुछ-कुछ नंबरों की ऐसी ही होड़ होती होगी। हर चीज में नंबर ढूंढ़ते हुए उन्हें दिन-रात लक्की नंबर की तलाश रहती है। 
नंबरों को लेकर ऐसी दीवानगी आज हर तरफ पसरी हुई नजर आ रही है। फेसबुक पर फोटो अपलोड करने के बाद लाइक और कमेंट गिन रहे हैं। कम लाइक मिले तो निराशा और लाइक ज्यादा मिल गए तो लोकप्रियता के पैमाने पर ज्यादा अंक हासिल करने का गुमान होने लगता है। शादी-विवाहों में लोग ज्यादा से ज्यादा दिखावा करके नंबर बनाते हैं। कुछ लोगों ने ज्यादा खा-पीकर अपने कपड़ों के नंबर बढ़ा लिए हैं। बेल्ट का साईज बढ़ जाने पर कुछ लोगों की हैसीयत नंबर वन हो जाती है। ऐसे में गाड़ियों का भी मनमाफिक नंबर चाहिए। गाड़ियों के मनचाहे नंबर के लिए पैसे फूंक रहे हैं। एक समय में हरियाणा नंबर वन के दावे किए जा रहे थे, लेकिन ऐसा दावा करने वाले दल को चुनावों में लोगों ने नंबर ही नहीं दिए। अब भी सरकार जनता में अपने ज्यादा नंबर होने का गुमान पाले हुए है। जनता कितने नंबर देगी, यह तो जनता ही जाने। 
चमचे अपने प्रिय राजनेता के आगे नंबर बनाने में लगे हैं। वे दिन-रात बस एक ही धुन में रहते हैं, कि किस तरह वे अपने प्रिय नेता की नज़र में चढ़ जाएं। नेताओं को खुश करने के चक्कर में कईं तो फकीर हो गए हैं। अब जहां विद्यार्थियों को अच्छे नंबर लेने के लिए दिन-रात एक करनी पड़ती है, वहीं नेताओं को चुनावों में मेहनत तो करनी पड़ती है, लेकिन वह मेहनत उठा-पटक और साजिशों के रूप में होती है। नेताओं को वोटों के नंबर उनकी जाति, धर्म और धनबल के आधार पर मिलते हैं। जो नेता या राजनैतिक दल जितनी काबिलियत के साथ लोगों को बांटने में कामयाब हो जाए, वह उतने ही अधिक नंबरों के साथ कुर्सी पर आ बैठता है। इन दिनों राजनीति में नंबर बनाने के लिए भाषण कला का भी बोलबाला है। पूरी बेइमानी के साथ लच्छेदार भाषण देकर नेता लोगों को बहकाते हैं। एक बार सत्ता मिलने के बाद पांच साल तक लोग उनके आगे नंबर बनाने के लिए दुम हिलाते हैं। वे भूल जाते हैं कि पांच साल बाद उन्हें भी नंबर चाहिएंगे। 

Wednesday, May 31, 2017

Tuesday, May 23, 2017

सुनें! बेहतर शिक्षा और सुरक्षा मांग रही हैं छात्राएं

दैनिक सच कहूँ में दिनांक 23मई, 2017 को प्रकाशित प्रकाशित लेख- 

Wednesday, May 3, 2017

पंचायत का योगदान, सौंदर्यीकरण में कीर्तिमान

करनाल जिले का राजकीय माध्यमिक विद्यालय पिंगली बना आकर्षण का केन्द्र
हरियाणा शिक्षा विभाग की मासिक पत्रिका शिक्षा सारथी के अप्रैल, 2017 अंक में प्रकाशित राजकीय माध्यमिक विद्यालय पिंगली पर आधारित लेख-





शिक्षा बनी व्यापार, कैसे होगा उद्धार?

दैनिक हिमाचल दस्तक में 3मई, 2017 को प्रकाशित लेख-

Saturday, April 29, 2017

भूल कर सरोकार, शिक्षा बनी व्यापार!

दिनांक 30 अप्रैल, 2017 को दैनिक सच कहूँ में प्रकाशित लेख-

Friday, April 28, 2017

किताबें कुछ कहना चाहती हैं, हमारे पास रहना चाहती हैं

दैनिक सच कहूँ में दिनांक 23अप्रैल, 2017 को विश्व पुस्तक दिवस पर प्रकाशित लेख-

Friday, April 21, 2017

धरती की हरियाली, जल-जंगल ने पाली!

विश्व पृथ्वी दिवस पर दैनिक हिमाचल दस्तक में दिनांक 22 अप्रैल को प्रकाशित लेख-

Wednesday, April 12, 2017

नुक्कड़ नाटक: अभिव्यक्ति का सशक्त औजार

राष्ट्रीय नुक्कड़ नाटक दिवस पर  दैनिक हिमाचल दस्तक में दिनांक 12 अप्रैल, 2017 को प्रकाशित लेख-

अभिव्यक्ति का सशकत माध्यम है नुक्कड़ नाटक

सफदर हाश्मी के जन्मदिन और राष्ट्रीय नुक्कड़ नाटक दिवस पर  दैनिक सच कहूँ में दिनांक 12 अप्रैल, 2017 को प्रकाशित लेख-

Friday, April 7, 2017

स्वास्थ्य है सबका अधिकार, बहुमुखी उपायों की दरकार

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर दैनिक हिमाचल दस्तक (7अप्रैल,2017) में प्रकाशित लेख-

Thursday, April 6, 2017

बहुमुखी उपायों की जरूरत

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर दिनांक 7अप्रैल,2017को दैनिक हरिभूमि में प्रकाशित लेख-

सपने में भी नहीं सोचा था.....

हरियाणा की सामाजिक सांस्कृतिक पत्रिका देस हरियाणा के मार्च-अप्रैल 2017 अंक में पिता जी श्री हरिचंद गणहोत्रा के संघर्षों की दास्तान-





छोटा सा कार्यकाल, उपलब्धि बेमिसाल


तीन महीने की मेहनत से सुंदर बनी नन्हेड़ा की राजकीय प्राथमिक पाठशाला 
हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग की पत्रिका 'शिक्षा सारथी' के मार्च, 2017 के अंक में पाठशाला की उपलब्धि पर यह आलेख-





Wednesday, April 5, 2017

Thursday, March 30, 2017

वन का जहर सोखना काम, अमृत का देते वरदान

दैनिक सच कहूँ में दिनांक 30मार्च,2017को प्रकाशित लेख-