किताबों को अपना दोस्त बनाएं: करुणेश
संगोष्ठी में बोले सेवानिवृत्त कॉलेज प्राचार्य
इन्द्री, 9 सितंबर
गांव ब्याना स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में राजकीय महाविद्यालय करनाल से सेवानिवृत्त प्राचार्य एवं प्रसिद्ध कवि डॉ. ओमप्रकाश करुणेश ने हिन्दी पखवाड़े के उपलक्ष्य में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित किया। संगोष्ठी की अध्यक्षता हिन्दी प्राध्यापक अरुण कुमार कैहरबा ने की और संचालन हिन्दी अध्यापक एवं कवि नरेश कुमार मीत ने किया।
कवि करुणेश ने अपने संबोधन में कहा कि भाषा को वर्तमान स्वरूप देने एवं इसके विकास में जनभाषा एवं बोलियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। आम जन के संघर्षों ने भाषा के विकास में अपनी अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि कोई भी भाषा तभी आगे बढ़ती है, जब वह समावेशी होती है और आम जन से जुडक़र चलती है। हिन्दी को किसी भी भाषा के शब्दों से कोई परहेज नहीं रहा। यहां तक कि अंग्रेजी के भी कितने ही शब्द हिन्दी में शामिल हो गए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान की दुनिया में प्रवेश करने के लिए किताबों को अपना दोस्त बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि किताबों का बहुत व्यापक संसार है। जो विद्यार्थी किताबें पढऩे की आदत डाल लेते हैं, वे अनेक प्रकार की बुराईयों से बच जाते हैं। उन्होंने गुरु रैदास, संत कबीर, महात्मा ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले, डॉ. भीमराव अंबेडकर, महात्मा गांधी, शहीद भगत सिंह व प्रेमचंद जैसी शख्सियतों की जीवनियां पढऩे के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्कूल में विद्यार्थियों से अधिक से अधिक सवाल पूछ कर अपनी जिज्ञासाएं शांत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अरुण कुमार कैहरबा ने कहा कि भाषा केवल अभिव्यक्ति का ही नहीं, सोचने का भी माध्यम है। जो विद्यार्थी जितनी अधिक अच्छी भाषा जनता है, वह उतनी अधिक परिपक्वता व विवेक के साथ चीजों के बारे में सोचता भी है। उन्होंने कहा कि हिन्दी पखवाड़े के उपलक्ष्य में स्कूल में अनेक प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अंग्रेजी प्राध्यापक राजेश सैनी ने आए अतिथि का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर ग्यारवहीं कक्षा की छात्रा कृति और मुस्कान ने हिन्दी भाषा की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए। संगोष्ठी में बारहवीं कक्षा के विद्यार्थी अमृत शर्मा ने सवाल पूछे। इस मौके पर प्राध्यापक मुकेश खंडवाल, सतीश राणा, सीमा गोयल, गोपाल दास, निशा, प्रीति आहुजा, रणदीप, आशीष, बिट्टू आदि उपस्थित रहे।
![]() |
JAGMARG 10-9-2022 |
![]() |
YUGMARG 10-9-2022 |
No comments:
Post a Comment