प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से जुडऩे की मुहिम
देस हरियाणा और सत्यशोधक फाउंडेशन की पहल
ये रहे सृजन यात्रा के पड़ाव-अरुण कुमार कैहरबा
घुमक्कड़ी एक बेहतरीन शौक है। यात्रा समाज को कूएं का मेंढक़ बनने के विरूद्ध किया गया शंखनाद है। एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाना केवल यात्रियों को ही लाभान्वित नहीं करता, बल्कि ज्ञान के प्रसार के जरिये पूरे समाज को लाभ पहुंचाता है। हमारे समाज में तीर्थ यात्राएं, साहसिक यात्राएं, प्राकृतिक सहित अनेक प्रकार की यात्राएं निकाली जाती हैं। कितने ही लोगों ने यात्राओं के जरिये समाज को अनेक प्रकार की देन दी है। साहित्य में यात्रा साहित्य की एक पूरी धारा है। हिन्दी साहित्य में राहुल सांकत्यायन ने तो पूरा घुमक्कड़शास्त्र रच कर घुमक्कड़ी को प्रतिष्ठित किया। इधर साहित्यिक-सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद शुष्क माने जाने वाले प्रदेश हरियाणा से एक नए प्रकार की यात्रा की धमक सुनाई दी। देस हरियाणा और सत्यशोधक फाउंडेशन ने इसका आगाज किया। हरियाणा सृजन यात्रा नाम की इस यात्रा में हरियाणा की साहित्यिक-सांस्कृतिक विरासत की खोज करने का सार्थक प्रयास किया गया। यात्रा साहित्य, सृजन, विचार-विमर्श पर केन्द्रित थी। सृजन यात्रा में प्रदेश भर के 18 रचनाकारों व कलाकारों ने हरियाणा की चार नामचीन साहित्यिक शख्सियतों-प्रख्यात शायर मौलाना अल्ताफ हुसैन हाली, प्रसिद्ध पत्रकार, संपादक व साहित्यकार बाबू बालमुकुंद गुप्त, कबीर परंपरा के संत कवि गरीबदास और सूफी कवि बाबा फरीद से जुड़े स्थानों का भ्रमण किया। उनकी स्मृतियों से जुड़े स्थानों व वस्तुओं को करीब से देखा। उनकी साहित्यिक विरासत को जानने के लिए संगोष्ठियां आयोजित करके उन पर गहरा अध्ययन-मंथन किया। यात्रा में सृजन यात्रियों का जोश व उत्साह देखते ही बनता था। विभिन्न स्थानों पर यात्रा के स्वागत और संगोष्ठियों में शिरकत के जरिये प्रदेश के सैंकड़ों साहित्यकार सृजन यात्रा से जुड़े।
PUBLISHED IN DAINIK TRIBUNE ON 29-03-2020 |
कुरुक्षेत्र में शहीद उधम सिंह मूर्ति पर सृजन यात्रियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। समाजशास्त्री प्रो. टी.आर. कुुंडू, कवि ओमप्रकाश करुणेश व डॉ. विजय विद्यार्थी आदि रचनाकारों ने सृजन यात्रियों को फूलमालाएं डाल कर विदाई दी और यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी। करनाल में लघुकथाकार डॉ. अशोक भाटिया की अगुवाई में साहित्यकारों ने सृजन यात्रा का जोरदार स्वागत किया। यहीं से डॉ. भाटिया भी यात्रा का हिस्सा बन गए। घरौंडा में पंजाबी अध्यापक नरेश सैनी यात्रा में शामिल हुए। सृजन यात्रा का पहला मुख्य पड़ाव हाली पानीपती के नाम से प्रसिद्ध मौलाना अल्ताफ हुसैन हाली की पानीपत स्थित मज़ार रही।
हाली की मजार सूफी हजरत बू अली शाह कलंदर की दरगाह के प्रांगण में ही बनाई गई हैं। हाली पानीपती उर्दू शायरी का बहुत मकबूल नाम है। उन्हें उर्दू-फारसी शायरी के बेताज बादशाह मिजऱ्ा गालिब की शागिर्दि करने का मौका मिला। गालिब के इंतकाल के बाद हाली ने यादगारे गालिब ग्रंथ लिख कर अपने उस्ताद का नाम भी चमकाया और खुद भी प्रसिद्धि हासिल की। हाली से पहले शायरी में अक्सर हुस्नो-इश्क और अमीर-उमरा की चापलूसी भरी पड़ी थी। उन्होंने शायरी को नई राह दिखाई। उन्होंने अपने साहित्य में जनभाषा का प्रयोग किया। उनके लेखन में पानीपती व ब्रज भाषा का प्रयोग होता था तो उस समय के साहित्यकार उनका उपहास उड़ाते थे। उस समय इसका उत्तर हाली ने इस तरह दिया था- हाली को बदनाम किया उसके वतन ने, पर आपने बदनाम किया अपने वतन को। हाली ने - हुब्बे वतन (देश प्रेम), चुप की दाद, बरखा रूत व निशाते उम्मीद सहित अनेक प्रसिद्ध नज्में दी हैं। उनकी नज्म मुसद्दस-ए-हाली को राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त की भारत-भारती की प्रेरणा मानी जाती है। इसके अलावा हाली ने संयुक्त पंजाब में लड़कियों के लिए पहला स्कूल पानीपत में खोला। यहीं पर उनकी बेटी ने भी शिक्षा प्राप्त की। हाली ने महिलाओं के हको-हुकूक की आवाज को अपनी रचनाओं में बुलंद किया। उन्होंने अपनी नज़्म चुप की दाद में लिखा-ऐ मांओ बहनों बोटियों, दुनिया की ज़ीनत तुम से है, मुल्कों की बस्ती हो तुम्हीं, कौमों की इज्ज़त तुमसे है। हाली साम्प्रदायिक सौहाद्र्र और भाईचारे के पक्षधर थे। हुब्बे वतन में उन्होंने लिखा-तुम अगर चाहते हो मुल्क की खैर। न समझो किसी हम वतन को गैर।
हाली पानीपती ट्रस्ट के महासचिव राम मोहन राय, लेखक रमेश चन्द्र पुहाल पानीपती, डॉ. शंकर लाल, सामाजिक कार्यकर्ता राजेन्द्र छोक्कर, शिक्षा अधिकारी सरोजबाला गुर, भगत सिंह से दोस्ती मंच के जिला संयोजक दीपक कथूरिया, पायल, सुनीता आनंद, मुख्याध्यापिका प्रिया लूथरा सहित अनेक रचनाकारों ने सृजन यात्रा का स्वागत किया। सभी ने बू अली शाह कलंदर और हाली की मज़ार पर चादर चढ़ाई। संगोष्ठी में रमेश चन्द्र पुहाल की पुस्तक यादगारे हाली पानीपती का विमोचन किया गया। हाली की विरासत विषय पर संगोष्ठी में वक्ताओं ने उर्दू शायरी व शिक्षा में हाली के योगदान को रेखांकित किया। सृजन यात्रा के अगुवा डॉ. सुभाष चन्द्र ने कहा कि सृजन यात्रा सिखाने की बजाय सीखने के लिए है। हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत बहुत समृद्ध है, इससे सभी को सीखने की जरूरत है।
रिमझिम बरसात में सृजन यात्री अगले सफर के लिए रवाना हुए। अगला लघु पड़ाव रोहतक था। यहां पर संस्कृतिकर्मी अविनाश सैनी, डॉ. रणबीर दहिया, डॉ. संतोष मुद्गिल, डॉ. राजेन्द्र सिंह सहित साथियों ने यात्रियों का फूलमालाओं के साथ स्वागत किया। इसके बाद शाम को देश के जाने-माने पत्रकार, संपादक व साहित्यकार बाबू बालमुकुंद गुप्त के जन्मस्थान रेवाड़ी जिला के गुडिय़ानी गांव में यात्रा पहुंची तो बरसात की रिमझिम बूंदें यहां भी यात्रा का स्वागत कर रही थी।
14 नवंबर 1865 को गुडिय़ानी में जन्मे बाबू बालमुकुंद गुप्त के उस घर को देखना सृजन यात्रा टीम के लिए किसी तीर्थ से कम नहीं था। गुप्त जी की वह हवेली देखने का जोश ही था कि शाम के बढ़ते अंधेरे व बरसात के बावजूद पूरी टीम आगे बढ़े जा रही थी। हवेली पर पहुंचे तो बालमुकुंद गुप्त ट्रस्ट व पत्रकारिता एवं साहित्य परिषद सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों व साहित्यकारों ने यहां भव्य आयोजन की तैयारियां कर रखी थी। हवेली के बीचों-बीच खुले आंगन में बैनर लगाए गए थे। मैट बिछाकर कुर्सियां लगा रखी थी। अंधेरा घिर आया था। वर्षा की रिमझिम हो रही थी। गुप्त जी की हवेली के आंगन में बरसात के बीच ही साहित्यकारों ने फूलमालाओं के साथ यात्रियों का स्वागत किया। देस हरियाणा के बालमुकुंद गुप्त विशेषांक का विमोचन किया गया। बरसात और अंधेरे के कारण यहां का कार्यक्रम संक्षिप्त रहा। इसके बाद गुडिय़ानी में ही स्थित न्यू इरा पब्लिक स्कूल में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का संचालन साहित्यकार सत्यवीर नाहडिय़ा ने किया और अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी एवं कवि राजेश कुमार ने की। प्रो. सुभाष चन्द्र, डॉ. अमित मनोज व डॉ. सिद्धार्थ शंकर राय ने बाबू बालमुकुंद गुप्त की विरासत पर प्रकाश डाला। विपिन सुनेजा, मुकुट अग्रवाल, अंजू, ब्रजपाल, योगेश शर्मा ने गुप्त जी की रचनाएं सुनाई। परिषद के संरक्षक नरेश चौहान व ऋषि सिंहल ने आए अतिथियों का आभार व्यक्त किया। स्कूल में ही रात्रि ठहराव हुआ। लेकिन बालमुकुंद गुप्त की हवेली देखने की इच्छा सभी के मन में थी। सुबह उठते ही सभी निकल गए हवेली देखने।
पता चला कि कभी बालमुकुंद गुप्त ट्रस्ट का कार्यालय यहीं पर चलता था, जोकि अब रेवाड़ी में चला गया है। गुप्त जी के वंशज कोलकाता में रहते हैं। हवेली में बालमुकुंद और उनके पिता जी का चित्र लगा है। यहां पर उनकी वह अलमारी भी रखी है, जिसमें कभी वे अपनी किताबें रखते होंगे। उनके लिखने की संदूक नुमा मेज भी रखी है। लेकिन ये सभी चीजें पूरी तरह उपेक्षित हैं। दो-मंजिला हवेली देखने पर भी लगा जैसे कईं दिनों से हवेली की सफाई तक नहीं की गई है। जिन बालमुकुंद गुप्त के नाम पर हरियाणा साहित्य अकादमी हर साल पुरस्कार देती है और हरियाणा ही नहीं देश भर में अपनी लेखनी के लिए जाने जाते हैं, उनकी हवेली की यह उपेक्षा अंदर तक हिला गई। भारतमित्र अखबार के संपादक बालमुकुंद गुप्त अंग्रेजी सरकार के दमन के खिलाफ आग उगलते थे। अपने शिवशंभु के चिट्टे शीर्षक व्यंगय में उन्होंने अंग्रेजी शासन के आकाओं की तानाशाही व स्वेच्छाचारिता पर जमकर कलम चलाई। गुप्त जी हिन्दी भाषा के स्वरूप निर्माण के स्तम्भ हैं। उन्होंने हिन्दी भाषा के स्वरूप, राजकाज की भाषा, लिपि संबंधी समस्याओं पर स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान होने वाली बहसों में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। वे भारतीय नवजागरण के आधार स्तंभों में से एक हैं। अंग्रेजी शासन के जुल्मो-सितम पर उन्होंने कहा था-
आज का सारा परिवेश वह परिवेश है, जिसमें कोई भी देश अपमान और पतन के कष्टों को भोगने के लिए विवश होता है। परंतु इस अमावस्या में भी साहित्यकार रूपी दीपक अपनी ज्योति फैलाकर इस अपमान से मुक्ति दिलाने में अत्यधिक समर्थ सिद्ध होता है।उनके जन्मदिन व पुण्य-तिथियों पर फूलमालाएं चढ़ाकर रस्म तो जरूर पूरी की जाती होगी। लेकिन उनकी विरासत को संजोने की तरफ किसी भी सरकार का आज तक ध्यान नहीं गया, यह देखकर सभी दुखी हुए।
सुबह सृजन यात्रियों ने गांव के पास ही स्थित पहाड़ी का भ्रमण किया, जहां पर 1857 के प्रथम स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान 114 लोगों को अंग्रेजों ने फांसी पर लटका दिया था। वहां पर एक पत्थर पर ये पंक्तियां लिखी हैं-
हमारा खून भी शामिल है तजईने गुलिस्तां में,ये पंक्तियां कितने ही अनाम शहीदों की शहादत पर सोचने को मजबूर करती हैं। क्या अब हमें उन शहीदों को याद करने फुर्सत है, जिन्होंने देश के लिए हंसते-हंसते प्राणों की आहुति दे दी। क्या गुडिय़ानी व आस-पास के 114 शहीदों के बारे में स्कूलों के पाठ्यक्रम में पढ़ाया जाता है। आखिर क्यों नहीं ये शहादतें व ऐसे स्थान शैक्षिक भ्रमण का हिस्सा बनते। शहीदों के स्मारक की स्थिति अत्यंत खराब है। यही नहीं स्मारक तक जाने का कोई रास्ता भी नहीं है। सभी ने उन अनाम क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
हमें भी याद कर लेना चमन में जब बहार आए।
झज्झर जिला के गांव छुड़ानी में संत गरीबदास धाम। |
छुड़ानी धाम के महंत दयासागर जी सृजन-यात्रा टीम को किताबें भेंट करते हुए। |
संत गरीबदास के मूल वस्त्र व पगड़ी। |
हांसी में चार कुतुब का दृश्य |
हांसी स्थित चार कुतुब के परिसर में संगोष्ठी को संबोधित करते पंजाब से आए लेखक सुमेल सिंह सिद्धु। |
अरुण कुमार कैहरबा
सह-संपादक, देस हरियाणा
वार्ड नं.-4, रामलीला मैदान, इन्द्री,
जि़ला-करनाल, हरियाणा
मो.नं.-09466220145
No comments:
Post a Comment