Tuesday, October 15, 2013

मतदाता जागरूकता रैली

स्वतंत्रता आंदोलन का फल है लोकतंत्र: अरुण।
रैली निकाल कर दिया मतदाता जागरूकता का संदेश।
इन्द्री, 15 अक्तूबर, 2013। वोट बनवाने और वोट का सही इस्तेमाल करने के लिए लोगों को जागरूक करने के गांव पटहेड़ा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान गांव की गलियों से गुजरते हुए पंक्तिबद्ध विद्यार्थियों ने वोट बनवाओ, लोकतंत्र को सफल बनाओ, अपने हक को जानो, वोट की ताकत पहचानो, वोट डालना जरूरी है, चाहे जो मजबूरी है, लडक़ी की भी वोट बनवाओ, लोकतंत्र को सफल बनाओ, अब ना कोई बहाना है, वोट डालने जाना है और ना शराब से ना नोट से, सरकार बनेगी वोट से जैसे अनेक नारे लगाए। रैली को समाज शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी अजीत सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और जन-जन तक वोट बनवाने का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल इंचार्ज सीमा गाबा व मुख्याध्यापक लालचंद ने की तथा संचालन बीएलओ जगदीश राय ने किया। 
रैली शुरू होने से पहले विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए हिन्दी प्राध्यापक अरुण कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में देश की जनता ने आजादी के साथ-साथ लोकतंत्र के लिए भी संघर्ष किया। देश का संविधान देश को धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक गणराज्य घोषित करता है, जहां पर लिंग, जाति, धर्म, भाषा, क्षेत्र व रंग का भेदभाव किए सभी  को समान अधिकार प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जन भागीदारी का सबसे अधिक महत्व है। चुनावी प्रक्रिया लोकतंत्र का महापर्व मानी जाती है। चुनावों में 18 वर्ष या इससे ऊपर के सभी नागरिक हिस्सेदारी करते हैं। उन्होंने कहा कि चुनावों में हिस्सेदारी के लिए सभी का वोट बनवाना जरूरी है। उन्होंने 1जनवरी, 2014 तक जिसकी भी उम्र 18वर्ष हो रही है, उन्हें शीघ्र वोट बनवाने का आह््वान किया। रैली के समापन पर मुख्याध्यापक ने कहा कि सभी विद्यार्थियों ने रैली के माध्यम से लोगों को वोट बनवाने का संदेश दिया है। हमें अपने गांव में भी सभी को वोट बनवाने के लिए प्रेरित करना है। इस मौके पर गांव के सरपंच धर्मपाल, ग्राम सचिव वेदपाल, पंचायत सदस्य जयपाल,  अध्यापक राजेन्द्र, रमेश दत्त, दयाल चंद, श्याम लाल, सतीश कुमार, स्नेहलता, रमेश कुमार, हरी राम, अशोक कुमार, बुद्धराम, संदीप उपस्थित रहे।




No comments:

Post a Comment