जवाहरलाल नेहरू की किताब 'भारत एक खोज' पर प्रश्नोत्तरी आयोजित
संत कबीर टीम रही प्रथम
गांव करेड़ा खुर्द स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में कक्षा आठ के हिन्दी के सिलेबस में शामिल देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की पुस्तक- भारत एक खोज पर प्रश्रोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। हिन्दी प्राध्यापक अरुण कुमार कैहरबा के नेतृत्व एवं संयोजन में हुई प्रश्रोत्तरी में कक्षा आठ के विद्यार्थियों की छह टीमों ने हिस्सा लिया। कक्षा नौवीं के विद्यार्थी मोनिका व लवकेश ने स्कोरर की भूमिका निभाई। मुख्याध्यापिका ओमप्रभा शर्मा ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रश्रोत्तरी में संत कबीर टीम ने 70 अंक लेकर पहला स्थान हासिल किया। अव्वल रही टीम में मधु, सिमरण व मानसी शामिल रहे। प्रतिभा, खुशी, साक्षी व मुकंद की लक्ष्मी टीम 55 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रही। तीसरे स्थान पर रही टीम कावेरी में अभिषेक, सचिन, कीर्ति शामिल रहे।
ओमप्रभा ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि बोर्ड की कक्षा के विद्यार्थी योजना बनाकर कर अपनी पढ़ाई पर लगें।
अरुण कैहरबा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जवाहर लाल नेहरू देश के पहले प्रधानमंत्री होने के साथ-साथ आजादी की लड़ाई में कईं बार जेलें काटने वाले एक स्वतंत्रता सेनानी, प्रबुद्ध विचारक एवं लेखक के रूप में भी जाने जाते हैं। 1944 में अहमदनगर के किले में वे नौवीं बार जेल में थे। जेल में ही उन्होंने अप्रैल से सितंबर 1944 तक नेहरू जी ने भारत एक खोज नाम की किताब लिखी थी। यह किताब मूल रूप से अंग्रेजी में लिखी गई, जिसे क्लासिक का दर्जा हासिल है।
इस किताब में लेखक ने सिंधू घाटी की सभ्यता से लेकर भारत की आजादी तक विकसित हुई बहुलतावादी संस्कृति, इतिहास, राजनीति व समाज का वैज्ञानिक दृष्टि से विश्लेषण किया है। उन्होंने कहा कि किताब को पढक़र देश के इतिहास व विकास को बेहतर ढ़ंग से समझा जा सकता है।
इस मौके पर अंग्रेजी प्राध्यापक संदीप अहलावत, ईएचएम विष्णु दत्त, विज्ञान अध्यापक ओमप्रकाश, अध्यापिका सुखिन्द्र कौर, रजनी, मुख्य शिक्षिका उषा, वीरेन्द्र कुमार, वंदना, किशोरी लाल, सुल्तान सिंह व लवकेश उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment